crime

उत्तराखंड STF का बड़ा एक्शन: नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़, लाखों टैबलेट-सिरप और अवैध शराब बरामद

बिना लाइसेंस नामी कंपनियों के नाम से बन रही थीं नकली एलोपैथिक दवाइयाँ, बुलंदशहर निवासी आरोपी गिरफ्तार

Round The Watch, Desk: उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ऊधमसिंहनगर के बाजपुर स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी कर नकली एलोपैथिक दवाइयों के अवैध निर्माण का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से लाखों की संख्या में नकली जीवनरक्षक दवाइयाँ, पैकेजिंग मशीनें, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और आबकारी होलोग्राम बरामद किए गए हैं।

माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ के निर्देशन में एसटीएफ कुमाऊँ यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बाजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटैक (प्लॉट संख्या F-13 एवं F-14) पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी धीरेन्द्र पुत्र ब्रह्म सिंह को गिरफ्तार किया गया।

आयुर्वेदिक लाइसेंस की आड़ में बन रही थीं नकली एलोपैथिक दवाइयाँ

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बिना वैध औषधि निर्माण लाइसेंस के आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में STADMED, Macleods, Intas, Sun Pharma सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयाँ तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।

एसटीएफ ने आरोपी की निशानदेही पर एनएच-74 स्थित गोदाम की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में तैयार नकली दवाइयाँ, पैकिंग सामग्री और अवैध अंग्रेजी शराब भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा से शराब मंगाकर उत्तराखण्ड में सप्लाई करने की बात भी स्वीकार की है।

एक लाख टैबलेट और 15 हजार सिरप बोतलें बरामद

छापेमारी के दौरान करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार सिरप की बोतलें बरामद हुईं। इनमें एंटासिड, एंटीबायोटिक, दर्द एवं सूजन, नसों के दर्द, प्रोस्टेट, कैल्शियम, विटामिन तथा आयरन सप्लीमेंट जैसी दवाइयाँ शामिल हैं, जिनका उपयोग हजारों मरीज रोजमर्रा के उपचार में करते हैं। ऐसे में यह मामला जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।

अवैध शराब का भी बड़ा जखीरा मिला

कार्रवाई में MacDowell No.1 के 1,632 क्वार्टर, III RCS ब्रांड की 1,016 बोतलें, 500 ढक्कन, सात बंडल रैपर, एक हजार खाली कांच की बोतलें तथा उत्तराखण्ड आबकारी विभाग के होलोग्राम और सील भी बरामद किए गए। इसके अलावा नकली दवाइयों के निर्माण में प्रयुक्त एसएस टैंक, फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

इन धाराओं में मुकदमा दर्ज

आरोपी के खिलाफ थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 338(3), 276, 277, 278, 318, 319 और 336 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अवैध शराब बरामदगी के संबंध में उत्तराखण्ड आबकारी अधिनियम के तहत भी अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button