crimeUttarakhand

बारिश में छत पर नहा रही 17 साल की युवती के पड़ोसी ने निजी अंग छुए, खींचते हुए कमरे में ले गया

विरोध करने पर भागा आरोपी, रेप के प्रयास में मुकदमा दर्ज, लोगों ने चौकी घेरी

Round The Watch News (UK): उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बारिश के दौरान घर की छत पर नहा रही किशोरी के घर में पड़ोसी घुस आया। उसने पीछे से आकर किशोरी का मुंह दबा दिया, उसके साथ जबरदस्ती की, अश्लील हरकतें कीं और उसके निजी अंगों से छेड़छाड़ की। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसका गला दबाने का भी प्रयास किया। इसके बाद वह किशोरी को घसीटते हुए कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा, लेकिन पीड़िता ने साहस दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और शोर मचा दिया। लोगों के जुटते ही आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

बारिश के पानी में नहाते समय घर पर थी अकेली
जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय किशोरी अपने घर की छत पर बारिश के पानी से नहा रही थी। इसी दौरान वह इन्वर्टर की बैटरी के लिए बोतल में वर्षा का पानी भी भर रही थी। उसके पिता सुबह मजदूरी के लिए घर से निकल गए थे, जिससे घटना के समय वह अकेली थी।

छत से कूदकर पहुंचा पड़ोसी, पीछे से दबोचा
आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला करीब 45 वर्षीय राजकुमार, जो मजदूरी और मछली पकड़ने का काम करता है, किशोरी के अकेले होने की जानकारी मिलने पर अपनी छत से कूदकर उसके घर की छत पर पहुंच गया। उसने पीछे से आकर किशोरी को दबोच लिया और उसका मुंह हाथ से कसकर बंद कर दिया ताकि वह किसी को आवाज न दे सके।

अश्लील हरकतें, गला दबाने की कोशिश और दुष्कर्म का प्रयास
शिकायत के मुताबिक आरोपी किशोरी को जबरन सीढ़ियों की ओर घसीटने लगा। इस दौरान उसने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और उसके निजी अंगों को छुआ। आरोप है कि उसने किशोरी का गला दबाने का प्रयास भी किया और उसे लालच देते हुए कहा कि वह उसकी बात मान ले, जो चाहे पैसा देगा और किसी को कुछ नहीं बताए। इसके बाद आरोपी उसे नीचे कमरे में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने लगा।

साहस से बची किशोरी, शोर सुनते ही भागा आरोपी
सीढ़ियों के पास पहुंचने पर आरोपी की पकड़ कुछ ढीली हुई तो किशोरी ने मौका देखकर खुद को छुड़ाया और नीचे की ओर भाग गई। उसने जोर-जोर से चिल्लाकर परिजनों और पड़ोसियों को मदद के लिए पुकारा। लोगों के इकट्ठा होते ही आरोपी राजकुमार छत के रास्ते ही कूदकर मौके से फरार हो गया।

पिता को मिली सूचना, लोगों ने पुलिस चौकी का किया घेराव
मजदूरी पर गए पिता को दोपहर में फोन के जरिए घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में लोगों ने आवास विकास पुलिस चौकी का घेराव किया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की कठोर धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की।

मेडिकल के बाद मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दबिश
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और पीड़ित किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। पीड़िता की लिखित शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़िता के माता-पिता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button