crimeDehradunEducation

दून विश्वविद्यालय में चोरों ने चार प्रोफेसर के आवास के ताले तोड़े, गहने-नकदी चोरी

बेखौफ चोरों की हरकत से सकते में पुलिस, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू

Rajkumar Dhiman, Dehradun: दून विश्वविद्यालय परिसर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। गर्मियों की छुट्टियों के दौरान बंद पड़े विश्वविद्यालय के चार प्रोफेसरों के आवासों को चोरों ने निशाना बनाया। इनमें से दो घरों से सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई, जबकि दो अन्य फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में दून विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अचलेश डावरे ने बताया कि वह विश्वविद्यालय परिसर स्थित वार्डन आवास के फ्लैट संख्या-202 में रहते हैं। गर्मियों की छुट्टियों के दौरान वह परिवार सहित बाहर गए हुए थे। इसी बीच किसी ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी कर ली। 15 जुलाई को वापस लौटने पर घटना का पता चला। चोर घर की अलमारी से सोने की परत चढ़ी दो जोड़ी चूड़ियां और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए।

जांच के दौरान पता चला कि इसी भवन के फ्लैट संख्या-201, जहां डॉ. चारु द्विवेदी रहती हैं, वहां भी चोरी हुई है। चोर उनके घर से सोने के गहने और 10 हजार रुपये नकद ले गए। इसके अलावा ऊपर स्थित फ्लैट संख्या-301 और 302 के ताले भी तोड़े गए। हालांकि, वहां से सामान चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि वहां चोरी का प्रयास किया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि विश्वविद्यालय परिसर में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रमिक कार्य कर रहे हैं। पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी स्थानीय मजदूर या परिसर की गतिविधियों से परिचित व्यक्ति का हाथ हो सकता है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

नथुवावाला में घर का ताला तोड़कर गहने और नकदी उड़ाई
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के शक्ति विहार, गुजरोवाली नथुवावाला में भी चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया।

पीड़ित किरनपाल सिंह चौहान के अनुसार, 17 जुलाई को वह अपनी बेटी के साथ चमन विहार परीक्षा दिलाने गए थे। शाम करीब छह बजे उनका बेटा अनिरुद्ध चौहान दिल्ली से घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। परिवार के पहुंचने पर पता चला कि चोर घर से गहने और नकदी लेकर फरार हो चुके हैं। रायपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोती बाजार में स्कूटी की डिग्गी से पर्स चोरी
शहर के व्यस्त मोती बाजार क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई है। देहराखास स्थित टीएचडीसी कॉलोनी निवासी माला ने पुलिस को बताया कि 15 जुलाई को वह खरीदारी के लिए मोती बाजार गई थीं। उन्होंने अपनी स्कूटी दुकान के बाहर खड़ी कर उसकी डिक्की में पर्स रखा था। इसी दौरान किसी ने डिक्की खोलकर पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा था। शहर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में भी अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीनों घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button