crimeDehradun

राजधानी दून में दिनदहाड़े घर मे घुसकर युवक की हत्या, आरोपी मौके पर दबोचा

अविवाहित था मृतक, करता था ब्याज का काम, हत्या के पीछे लेनदेन की आशंका

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। देहरा खास स्थित ऋषि एन्क्लेव में एक युवक की घर मे घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दीपक गुप्ता (48 वर्ष) रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान कमरे से तेज चीख-पुकार सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन तुरंत कमरे की ओर दौड़े। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दीपक खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था, जबकि एक युवक के हाथ में चाकू था।

परिजनों ने बिना देर किए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे अपने कब्जे में रखा। सूचना मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रोहन प्रजापति (20 वर्ष) निवासी माजरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस आरोपी से घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि दीपक ब्याज का काम करता था और पैसों के लेनदेन को लेकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना ने ब्याज/सूदखोरी के धंधे के पीछे छिपी क्रूरता और उसके हश्र को भी सामने ला दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button