शादी से इनकार पर युवती ने बीच सड़क पर चप्पल से कर दी प्रेमी की पिटाई
बाजपुर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेमी को पीटते हुए कोतवाली तक ले गई

ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में शनिवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती ने शादी का वादा पूरा न करने का आरोप लगाते हुए अपने प्रेमी की बीच सड़क पर चप्पलों से पिटाई कर दी। युवती ने युवक का कॉलर पकड़ लिया और उसे चप्पलों से मारते हुए सीधे बाजपुर कोतवाली तक ले गई। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
शादी का भरोसा देकर मुकरने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती का आरोप है कि युवक लंबे समय से उससे शादी करने का भरोसा देकर संबंध बनाए हुए था। जब परिवारों के स्तर पर विवाह की बात आगे बढ़ाने का समय आया तो युवक अपने वादे से पीछे हट गया और शादी करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर युवती ने उसे रास्ते में रोक लिया।
सड़क पर मचा हंगामा, तमाशबीनों की लगी भीड़
बताया जा रहा है कि युवती ने सार्वजनिक स्थान पर युवक का कॉलर पकड़ लिया और चप्पलों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए घटनाक्रम से राहगीर रुक गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा, जबकि आसपास मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।
युवक को साथ लेकर पहुंची कोतवाली
सार्वजनिक स्थान पर हुए विवाद के बाद युवती युवक को अपने साथ लेकर सीधे बाजपुर कोतवाली पहुंच गई। वहां भी दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। पुलिस ने दोनों को शांत कराते हुए मामले की जानकारी ली और पूछताछ शुरू की।
पुलिस जुटी तथ्यों की जांच में
पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि दोनों के बीच संबंध कब से थे और विवाद की वास्तविक वजह क्या है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।
पुलिस का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है, तो उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



