बैरिकेड तोड़कर हर की पैड़ी में घुसी कार, नशे में लोगों को कुचला, 02 पकड़े गए और 02 फरार
हरिद्वार में शराब के नशे में यूपी के युवकों ने मचाया तांडव, लोगों ने पकड़कर जमकर पीटा
Rajkumar Dhiman, Dehradun: धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उत्तर प्रदेश के बागपत नंबर की एक स्विफ्ट कार में सवार चार युवकों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार कार ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए प्रतिबंधित जीरो जोन में प्रवेश कर लिया और रास्ते में कई लोगों, दोपहिया वाहनों तथा दुकानों के बाहर रखे सामान को टक्कर मार दी। इस घटना में 04 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने कार को घेर लिया, जिसमें 02 युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जबकि 02 साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
बैरिकेडिंग तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसते ही मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के पंजीकरण वाली स्विफ्ट कार में चार युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी नशे की हालत में थे। कार सबसे पहले नगर कोतवाली क्षेत्र के पास लगी पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ी और पोस्ट ऑफिस तिराहे पर लगे सुरक्षा बैरियर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वाहन सीधे हरकी पैड़ी और अपर बाजार के प्रतिबंधित जीरो जोन में पहुंच गया, जहां वाहनों का प्रवेश निषिद्ध है।
जीरो जोन में प्रवेश करने के बाद कार अनियंत्रित गति से आगे बढ़ती रही। रास्ते में मौजूद लोगों को बचाने के बजाय चालक ने कार की रफ्तार कम नहीं की। वाहन दुकानों के बाहर रखे सामान, खड़े दोपहिया वाहनों और राहगीरों को टक्कर मारता हुआ मनसा देवी पैदल मार्ग की ओर बढ़ गया। इस दौरान चार लोग घायल हो गए। अचानक हुई घटना से पूरे बाजार में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने घेर ली कार
हादसे के बाद आसपास मौजूद दुकानदार, स्थानीय निवासी और श्रद्धालु एकत्र हो गए। लोगों ने कार का पीछा कर उसे चारों तरफ से घेर लिया। भीड़ के गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोगों ने कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन में जमकर तोड़फोड़ की।
02 युवकों को पकड़ा गया, भीड़ ने की पिटाई
आक्रोशित लोगों ने कार से एक युवक को बाहर निकाल लिया। उसके साथ मारपीट की गई, बाल पकड़कर घसीटा गया और लाठी-डंडों व चप्पलों से उसकी पिटाई की गई। इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए। उसी दौरान एक अन्य युवक भी हत्थे चढ़ गया। हंगामे और भगदड़ के बीच अन्य दो युवक मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी और नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ के कब्जे से युवक को छुड़ाया और हालात को नियंत्रण में लिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
मेडिकल में नशे की पुष्टि, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हिरासत में लिए गए दो युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि बैरियर तोड़कर एक कार के अपर बाजार में घुसने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि प्राप्त तहरीर, मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



