crime

नेहरू कॉलोनी सामुदायिक भवन विवाद में नया मोड़, पार्षद की तहरीर पर महिला के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज

पहले महिला की शिकायत पर पार्षद के खिलाफ दर्ज हुआ था केस, अब पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस

Amit Bhatt, Dehradun: नेहरू कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में तीज कार्यक्रम की बैठक के दौरान हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पहले महिला की शिकायत पर वार्ड-57 के पार्षद विवेक कोठारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने वाली पुलिस ने अब पार्षद की तहरीर पर महिला के खिलाफ भी क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पार्षद विवेक कोठारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 जुलाई की शाम वार्ड-57 के सामुदायिक भवन में तीज महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक शुरू कराने के लिए सामुदायिक भवन का ताला खुलवाने हेतु जी-ब्लॉक निवासी सुषमा जोशी को सूचना भेजी गई, लेकिन आरोप है कि उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक ताला नहीं खोला।

पार्षद का आरोप है कि महिला मौके पर पहुंचते ही गाली-गलौज करने लगी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की गई। साथ ही उनकी पत्नी और दोनों छोटे बच्चों को नुकसान पहुंचाने तथा भविष्य में झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। पार्षद का दावा है कि घटना के वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच में प्रस्तुत किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले इसी घटना को लेकर महिला की शिकायत पर पार्षद विवेक कोठारी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था। अब दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पार्षद की तहरीर के आधार पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में दोनों पक्षों के बयान, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button