crimeUttarakhandराजनीति

कांग्रेस विधायक को थप्पड़ जड़ा, पूर्व विधायक और समर्थकों पर आरोप

किच्छा में निकाय चुनाव के दौरान बवाल, स्ट्रांग रूम में हुई भिड़ंत

Rajkumar Dhiman, Dehradun: ऊधम सिंह नगर के किच्छा में नगर पालिका चुनाव में मतदान के दौरान सोमवार को माहौल उस समय गरमा गया, जब मंडी समिति में बनाए गए स्ट्रांग रूम में विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि पूर्व विधायक के साथ मौजूद एक युवक ने विधायक बेहड़ को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और बाद में विधायक तिलकराज बेहड़ को हिरासत में ले लिया। दोनों को देर शाम छोड़ दिया गया।

सोमवार को किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका के लिए मतदान हुआ। सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। शुरुआत में मतदान की गति तेज रही, जबकि दोपहर में कुछ धीमी पड़ गई। करीब दो बजे के बाद फिर मतदान ने रफ्तार पकड़ी। मतदान के दौरान बूथों पर मतदाताओं को वोट डालने से रोकने के आरोपों को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और पुलिस अधिकारियों के बीच भी झड़प व नोकझोंक हुई। हालांकि मतदान प्रक्रिया के बीच स्थिति संभाल ली गई।

शाम करीब चार बजे विधायक तिलकराज बेहड़ कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के साथ मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचे। यहां मतदान के बाद मतपेटियां रखे जाने के दौरान लगाए जा रहे पर्दों को लेकर विधायक ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि पर्दे लगाए जाने से पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। इसको लेकर विधायक और अधिकारियों के बीच कई बार कहासुनी हुई।

इसी दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ मंडी समिति पहुंच गए। यहां पहुंचते ही उनकी विधायक बेहड़ से कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने लगी। विधायक बेहड़ का आरोप है कि पूर्व विधायक के साथ मौजूद एक युवक ने उन्हें धक्का देने के बाद थप्पड़ मारा। घटना से मौके पर हंगामा बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक भी धरने पर बैठ गए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को हिरासत में लिया और उन्हें सिडकुल चौकी ले गई। दूसरी ओर विधायक बेहड़ समर्थकों के साथ धरने पर बैठे रहे। इसी दौरान विधायक बेहड़ के बेहोश होने की बात सामने आई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला। होश में आने के बाद पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लिया और किच्छा कोतवाली ले गई। देर शाम दोनों को छोड़ दिया गया।

‘मुझे थप्पड़ मारा गया, तहरीर दूंगा’
विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि वह अपनी बात रखने के लिए मंडी समिति गए थे और अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्ति रख रहे थे। इसी बीच पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समर्थकों के साथ पहुंचे और उनसे कहासुनी करने लगे। बेहड़ के अनुसार इसी दौरान उन्हें धक्का दिया गया और थप्पड़ मारा गया। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में पुलिस को तहरीर देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button