crimeDehradunEducation

दून में तड़के प्रिंसिपल के घर में घुसे तीन बदमाश, हत्या करने की बात कहकर बंधक बनाया, सोना-चांदी लूटकर फरार

प्रिंसिपल ने खुद को नौकर बताकर बचाई जान, लेकिन घर में लूट का शिकार होने से नहीं बच पाए

Aryan Walia, Dehradun: देहरादून के कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के बरोटीवाला में बुधवार तड़के 03 बदमाशों ने स्कूल परिसर में बने आवास में घुसकर स्कूल मालिक व प्रधानाचार्य समेत परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने प्रधानाचार्य को मारने की बात कही, लेकिन स्कूल मालिक गोपाल राठौर ने खुद को केयरटेकर बताकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाशों ने गोपाल राठौर के साथ मारपीट की और उनके, पत्नी नीलम राठौर तथा पुत्र के हाथ-पैर बांध दिए। घर में रखा सोना-चांदी लूटकर तीनों बदमाश फरार हो गए। मारपीट में गोपाल राठौर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

घटना बरोटीवाला स्थित ग्रेट वैल्यू स्कूल की है। स्कूल के भीतर ही स्कूल मालिक व प्रधानाचार्य गोपाल राठौर का आवास बना हुआ है। बुधवार तड़के करीब 05 बजे तीन बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने गेट पर पहुंचकर गोपाल राठौर के बारे में पूछा। गेट खुलने के बाद तीनों अंदर घुस गए और उन्होंने कहा कि वे प्रधानाचार्य को मारने आए हैं।

स्थिति को भांपते हुए गोपाल राठौर ने बदमाशों से खुद को स्कूल का केयरटेकर बताया। इसके बाद बदमाशों ने गोपाल राठौर, उनकी पत्नी नीलम राठौर और पुत्र को बंधक बना लिया। तीनों के हाथ-पैर बांध दिए गए। बदमाशों ने गोपाल राठौर के साथ मारपीट की और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद विकासनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के सामने अब घटना को लेकर दो अहम पहलू हैं। पहला, क्या बदमाश वास्तव में प्रधानाचार्य गोपाल राठौर को निशाना बनाकर आए थे और लूट बाद में की गई, या उनका मुख्य मकसद घर में लूट करना ही था। बदमाशों के प्रधानाचार्य को मारने की बात कहने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button