कोटद्वार में यूटीईटी परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा, विशाल की जगह परीक्षा दे रहा था हिमांशु
भर्ती और पात्रता परीक्षाओं में थम नहीं रहा फर्जीवाड़े को अंजाम देने का क्रम

Rajkumar Dhiman, Dehradun: कोटद्वार में उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) के दौरान दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान एक युवक को फर्जी परीक्षार्थी के रूप में पकड़ा गया। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद प्रशासन ने युवक को हिरासत में ले लिया।
मामला काशीपुर निवासी परीक्षार्थी विशाल कुमार से जुड़ा है। परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान पाया गया कि विशाल की जगह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना निवासी हिमांशु परीक्षा दे रहा था। संदिग्ध गतिविधि सामने आने के बाद केंद्र पर मौजूद टीम ने युवक को रोककर पूछताछ शुरू की।
एसडीएम कोटद्वार संदीप कुमार के निर्देशन में करीब आधे घंटे तक पूछताछ और जांच-पड़ताल की गई। इस दौरान युवक की पहचान हिमांशु के रूप में हुई। पूछताछ में हिमांशु ने बताया कि विशाल कुमार उसका मित्र है और इसी वजह से वह उसके स्थान पर यूटीईटी की परीक्षा देने पहुंचा था।
एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी के शामिल होने की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक जांच की गई। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए परीक्षा केंद्रों पर सघन निगरानी की जा रही है। प्रशासन की कार्रवाई उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल की ओर से दी गई पुष्ट सूचना के बाद की गई।
राम कंडवाल के अनुसार, उन्हें कुछ प्रमाणिक जानकारियां मिली थीं, जिनसे विशाल कुमार के स्थान पर किसी अन्य युवक के परीक्षा देने का पता चला। इसके बाद उन्होंने प्रशासन को इसकी सूचना दी। कार्रवाई के बाद उन्होंने प्रशासनिक टीम का आभार जताया। कंडवाल ने दावा किया कि उत्तराखंड बेरोजगार संघ की ओर से अब तक 101 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़वाया जा चुका है।



