
Rajkumar Dhiman, Dehradun: रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। लेन नंबर दो स्थित मकान में ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त रमेश कपूर (80) और उनकी पत्नी रिटायर्ड प्रवक्ता रजनी कपूर (75) की पेचकस से हमला कर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंची तिलया देवी उर्फ शीला (48) की भी आरोपी ने पेचकस से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से आरोपी राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। क्योंकि, भागते समय उसे कुछ लोगों ने पकड़ लिया था और उसकी जमकर पिटाई भी की गई। उसके पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। जो उसने हत्या के बाद मृतक रमेश के गले से झटक ली थी।
मृतक रमेश कपूर पुत्र स्वर्गीय द्वारिका दास कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर पत्नी रमेश चंद्र कपूर, लेन नंबर दो, विष्णु लोक कॉलोनी, तपोवन रोड, थाना रायपुर के निवासी थे। रमेश कपूर ऑर्डनेंस फैक्ट्री से जूनियर वर्क्स मैनेजर पद से सेवानिवृत्त थे, जबकि उनकी पत्नी भी ऑर्डनेंस फैक्ट्री इंटर कॉलेज में प्रवक्ता पद से रिटायर थीं। तीसरी मृतका तिलया देवी उर्फ शीला पत्नी स्वर्गीय पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, थाना रायपुर थीं। वह बुजुर्ग दंपती के आसपास काम करने वाली नौकरानी थीं और घटना के दौरान उनकी चीख सुनकर मदद के लिए पहुंची थीं। मृतक बजुर्ग दंपती के दो बेटे हैं, जो पुणे और अन्य जगह नौकरी करते हैं। घटना की सूचना पर वह देहरादून पहुंच रहे हैं।
दो साल से दंपती के घर कर रहा था प्लंबिंग का काम, 300 रुपये बने हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजकुमार प्लंबर का काम करता है। वह पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी उसे बुजुर्ग दंपती ने ही प्लंबिंग का काम करने के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा करने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी दंपती से कहासुनी हो गई। बताया गया कि वह दो घंटे के काम के लिए आधे दिन की दिहाड़ी के रूप में 600 रुपये मांग रहा था, जबकि बुजुर्ग दंपती 300 रुपये थमा रहे थे। इसी 300 रुपये के अंतर को लेकर विवाद बढ़कर हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान उसने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर घर में गिर पड़े। इसी दौरान तिलया देवी उर्फ शीला ने आवाज सुनकर वहां पहुंचकर बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया।
घर से चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी
मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से रायपुर थाना पुलिस को विष्णु लोक कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा घर में चोरी करने और उसे स्थानीय लोगों द्वारा पकड़ लिए जाने की सूचना मिली। इस जघन्य वारदात पर स्थानीय लोगों ने न सिर्फ उसे पकड़ा, बल्कि गुस्से में उसे पीटकर अधमरा भी कर दिया था।
पड़ोसियों के अनुसार, घर से चीख-पुकार सुनाई देने पर लोग बाहर निकले थे। उसी दौरान आरोपी घर से निकलकर भागने लगा। उसने हाथ में पेचकस दिखाकर लोगों को डराने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाकर उसे पकड़ लिया और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे रायपुर थानाध्यक्ष के हवाले कर दिया।
तीनों को अस्पताल ले गए, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
पुलिस को घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और महिला लहूलुहान हालत में अचेत मिले। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस भी बरामद किया है।
पहले लूट की आशंका, अब पैसों के विवाद की बात
घटना के शुरुआती समय में घर में चोरी और महिला के गले से चेन छीने जाने की जानकारी सामने आने पर पुलिस को लूट के दौरान हत्या की आशंका थी। हालांकि, आरोपी से पूछताछ में अब तक हत्या की वजह प्लंबिंग का काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद सामने आई है। आरोपी के पास से रजनी कपूर की एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। पुलिस चेन से जुड़े पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी में अकेले घर की ओर जाता दिखा आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा साक्ष्य जुटाए गए।
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। प्रारंभिक फुटेज में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेला जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज का भी गहनता से अवलोकन कर रही है।
हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी से पूछताछ जारी, खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास, थाना कोतवाली नगर, देहरादून, मूल निवासी बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से विवेचना कर रही है। आरोपी से पैसों के विवाद, सोने की चेन, हत्या के घटनाक्रम और उसके घर में आने-जाने समेत अन्य बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। अन्य सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट करने में जुटी है। साथ ही उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।



