बारातियों को खाना खिलाने के बाद दूल्हे ने मांगी कार, महिलाओं ने बरसाए थप्पड़
सात फेरों से इनकार पर गरमाया माहौल, मरते हुए पहुंचाया चौकी

Aryan Walia, Uttarakhand: धूमधाम से बारात पहुंची, दूल्हे का स्वागत हुआ, जयमाला की रस्म भी पूरी हो गई। बारातियों ने दावत उड़ाई और सभी को सात फेरों का इंतजार था। लेकिन ऐन वक्त पर दूल्हे ने शादी से इन्कार कर दिया। आरोप है कि उसने दहेज में कार की मांग उठाई। दुल्हन पक्ष के विरोध पर उसने युवती पर ही आरोप लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद शादी समारोह में हंगामा खड़ा हो गया। महिलाओं ने दूल्हे को घेर लिया और थप्पड़ जड़ दिए। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचा दिया। देर रात तक मामला लालकुआं कोतवाली में गर्माया रहा।
घटना बिंदुखत्ता के ग्राम तिवारीनगर प्रथम (नर्सरी) की है। यहां रहने वाले नैनराम ने अपनी बेटी का रिश्ता कालाढूंगी के ग्राम पूरनपुर (चकलुवा) निवासी युवक से तय किया था। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तैयारियां चल रही थीं। करीब एक साल से युवक और युवती के बीच मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि इस दौरान युवक कई बार फोन पर कार की मांग कर चुका था, लेकिन परिवार ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया।
गुरुवार को तय कार्यक्रम के अनुसार दूल्हा धूमधाम से बारात लेकर पहुंचा। दुल्हन पक्ष ने बारातियों का स्वागत किया और जयमाला की रस्म पूरी कराई। इसके बाद बारातियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। सभी के खाना खाने के बाद जब मंडप में सात फेरों की तैयारी शुरू हुई तो दूल्हे ने अचानक शादी करने से मना कर दिया। पहले लड़की पक्ष को लगा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन दूल्हे के ऊंची आवाज में बात करने और अपने फैसले पर अड़े रहने से समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
दूल्हे ने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाया और कहा कि वह उससे शादी नहीं करना चाहता। उसने यह भी कहा कि यदि उस पर शादी के लिए दबाव बनाया गया तो इसकी जिम्मेदारी लड़की पक्ष की होगी। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि इस दौरान उसने कार और दहेज की मांग भी दोहराई। विरोध बढ़ा तो दूल्हा मंडप से उठकर वहां से भागने लगा। उसे देखकर बराती भी धीरे-धीरे खिसकने लगे। इस पर महिलाओं ने दूल्हे को घेर लिया। उसके साथ धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने की घटना हुई। महिलाओं ने उसका मुकुट भी गिराने की कोशिश की।
ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे दूल्हे को पकड़ लिया और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद उसे बिंदुखत्ता पुलिस चौकी ले जाया गया। चौकी में पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। चौकी प्रभारी गौरव जोशी दूल्हे को लालकुआं कोतवाली ले आए। देर रात तक दुल्हन पक्ष के लोग कोतवाली में जुटे रहे।
दुल्हन पक्ष की एक महिला ने आरोप लगाया कि शादी की बातचीत के दौरान युवक कई बार उनके घर आ चुका था। जयमाला तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन एक फोन आने के बाद उसका व्यवहार बदल गया। कभी वह कार की मांग करता तो कभी दहेज पूरा नहीं मिलने की बात कहता था। महिला ने बताया कि परिवार ने शादी की तैयारियों के लिए कर्ज और लोन लिया था। अब वे शादी पर हुए खर्च की भरपाई चाहते हैं। परिवार ने यह भी स्पष्ट किया कि वे अपनी बेटी की शादी अब इस युवक से नहीं करना चाहते।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज मांगने के संबंध में तहरीर दी गई है। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। समझौता नहीं होने पर तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



