crimeDehradun

अब युट्यूबर अनुराग डोभाल अपहरण में गिरफ्तार, पत्नी से विवाद के बाद उलझता चला गया सफर

अनुराग के साथ 03 अन्य साथी आरोपी भी किए गए गिरफ्तार

Aryan Walia, Dehradun: कभी बाइक और लंबी यात्राओं के वीडियो से लाखों युवाओं के बीच पहचान बनाने वाले यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 Rider अब अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने गुरुवार को अनुराग डोभाल समेत चार आरोपितों को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, 05 अक्टूबर की देर रात अनुराग और उसके साथियों ने उसके रिश्ते के साले राज सिंह चौहान को कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन ले जाने का प्रयास किया। 03 दिन के भीतर अनुराग की यह दूसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले 06 अक्टूबर को बाईपास पुलिस चौकी में हंगामा करने और राज सिंह चौहान के साथ दोबारा मारपीट करने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया था।

कैफे के पास बुलाया, कार में बैठाकर मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, टी-एस्टेट बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान को अनुराग ने हरिद्वार रोड स्थित येलो हिल्स कैफे के पास मिलने के लिए बुलाया था। राज सिंह अनुराग की पत्नी रितिका चौहान के चचेरे भाई हैं। शिकायत के मुताबिक, वहां अनुराग और उसके साथियों ने राज को कार में बैठाया, उसका फोन लेने की कोशिश की और उसके साथ मारपीट की। पुलिस के सामने दिए गए आरोपों में गला दबाने और जान से मारने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है। मामले में शुरुआती तौर पर मारपीट, बलवा और धमकी समेत धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 140(1) यानी अपहरण और धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। मूल मुकदमा थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0 411/2026 के रूप में दर्ज है। इसमें धारा 117(2), 191(2) और 351(3) बीएनएस लगाई गई थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने गुरुवार को अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान को सुद्धोवाला से गिरफ्तार किया।

थाने में भी बढ़ गया था विवाद
पुलिस के मुताबिक, राज सिंह चौहान के साथ कथित मारपीट के बाद दोनों पक्षों को बाईपास पुलिस चौकी बुलाया गया था। आरोप है कि वहां अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान फिर राज सिंह के साथ मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इसी मामले में छह अक्टूबर को चारों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में अपहरण की धारा बढ़ने के बाद गुरुवार को उन्हें दोबारा गिरफ्तार किया गया।

कभी बाइक के सफर से बनाई थी अलग पहचान
अनुराग डोभाल की पहचान केवल देहरादून तक सीमित नहीं रही। UK07 Rider नाम से उन्होंने 2018 के आसपास मोटरसाइकिल और यात्रा से जुड़े वीडियो बनाना शुरू किया। शिक्षक की नौकरी के बाद उन्होंने 2020 में कंटेंट क्रिएशन को पूर्णकालिक करियर बनाया। बाइक राइड, लंबी यात्राओं और अपनी जिंदगी के अनुभवों पर आधारित वीडियो ने उन्हें तेजी से लोकप्रिय बनाया। उनके प्रशंसकों का बड़ा समूह BroSena के नाम से जाना जाने लगा।

इसके बाद अनुराग की लोकप्रियता उस समय और बढ़ी, जब उन्हें 2023 में Bigg Boss 17 में बतौर प्रतियोगी जगह मिली। हालांकि रियलिटी शो का सफर उनके लिए विवादों से भरा रहा। जनवरी 2024 में शो से बाहर होने के बाद उन्होंने शो के निर्माताओं पर पक्षपात का आरोप लगाया और सलमान खान तथा शो के प्रारूप को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सह-प्रतियोगी मुनव्वर फारुकी पर भी गंभीर टिप्पणियां कीं।

Bigg Boss के बाद विवादों का दायरा बढ़ता गया
Bigg Boss के बाद अनुराग लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे, लेकिन उनकी चर्चा धीरे-धीरे बाइक और यात्रा के कंटेंट से ज्यादा निजी विवादों को लेकर होने लगी। 2025 में उन्होंने रितिका चौहान से शादी की। इसके बाद परिवार के साथ उनके रिश्ते बिगड़ने की बात सामने आई। अनुराग की ओर से दावा किया गया कि परिवार ने अंतरजातीय विवाह का विरोध किया और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया। परिवार की ओर से इन आरोपों का खंडन किया गया और उनके भाई अतुल डोभाल उर्फ Kalam Ink ने अनुराग के आरोपों को एकतरफा बताया।

परिवारिक विवाद इतना बढ़ा कि स्थानीय अखबार में अनुराग और उनकी पत्नी से संबंध विच्छेद से जुड़ा सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित होने की बात सामने आई। अनुराग के मैनेजर ने बाद में दावा किया कि यह नोटिस 2025 में ही जारी हुआ था। इसके बाद अनुराग और रितिका की ओर से परिवार के खिलाफ दहेज संबंधी शिकायत किए जाने की जानकारी भी सामने आई। हालांकि इन मामलों में दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं और आरोपों का अंतिम सत्य न्यायिक प्रक्रिया से ही तय होगा।

‘लास्ट वीडियो’ से कार हादसे तक पहुंचा विवाद
मार्च 2026 में अनुराग ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक वीडियो जारी किया, जिसे उन्होंने अपना ‘लास्ट वीडियो’ बताया। इसमें उन्होंने परिवार पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पिछले एक साल में उनकी जिंदगी, रिश्ते और आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई। उन्होंने आत्महत्या की कोशिश का भी दावा किया था। उनके भाई और परिवार ने इन आरोपों को खारिज किया।

इसके कुछ ही दिन बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अनुराग की कार का गंभीर हादसा हो गया। हादसे से पहले वह इंस्टाग्राम लाइव पर थे और तेज रफ्तार में कार चला रहे थे। इस लाइव को बड़ी संख्या में लोग देख रहे थे। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना ने उनके निजी संकट को देशभर में फिर चर्चा में ला दिया।

करोड़ों की बाइकें बेचने की नौबत भी आई
हादसे और पारिवारिक विवादों के बाद अनुराग ने दोबारा व्लॉगिंग शुरू की, लेकिन इस दौरान उन्होंने आर्थिक संकट का भी जिक्र किया। मई 2026 में उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी करीब 10 करोड़ रुपये की लग्जरी बाइक कलेक्शन का बड़ा हिस्सा बेचना पड़ा। कभी महंगी बाइक और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए चर्चित रहे अनुराग के लिए यह बदलाव उनके जीवन में आए बड़े आर्थिक और निजी संकट का संकेत बना।

इसी साल जुलाई में पत्नी रितिका के साथ उनका विवाद एक बार फिर सार्वजनिक हुआ। अनुराग ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए और बच्चे से मिलने के लिए पैसे मांगने का दावा किया। रितिका की ओर से इन आरोपों का खंडन किया गया। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुए, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

अब विवाद पहुंचा आपराधिक मुकदमे तक, सफर की मंजिल सवालों से घिरी
अब देहरादून में साले राज सिंह चौहान के अपहरण और मारपीट के आरोप में गिरफ्तारी अनुराग डोभाल के विवादों की कड़ी में सबसे गंभीर घटनाओं में शामिल हो गई है। जिस व्यक्ति ने बाइक राइडिंग और यात्रा के वीडियो से करोड़ों दर्शकों तक अपनी पहचान बनाई, वही अनुराग अब लगातार निजी विवादों और पुलिस कार्रवाई के कारण सुर्खियों में है।

पुलिस ने इस मामले में अनुराग डोभाल के साथ अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अनुराग डोभाल की उम्र 29 वर्ष, अभिषेक की 22 वर्ष, अभय चौधरी की 23 वर्ष और कुर्बान की 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस अब मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button