DehradunUttarakhandआपदा प्रबंधन

हेलीकॉप्टर हादसे में 06 की मौत, पहले लापता होने की मिली थी सूचना, अब क्रैश की पुष्टि

बद्रीनाथ से देहरादून आते समय टूटा था संपर्क, ज्योतिर्मठ घाटी में हादसा

Rajkuamr Dhiman, Dehradun: बदरीनाथ से देहरादून आ रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर शुक्रवार को ज्योतिर्मठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान लापता हो गया। हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने के साथ ही ट्रैकिंग सिस्टम ने भी उसकी लोकेशन बताना बंद कर दिया। कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर भारतीय सेना, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ ने तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू किया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। सभी की मौत की खबर सामने आई है। गंभीर यह कि मौसम बारिश का होने और चेतावनी जारी होने के बाद भी जबरन उड़ान की गई।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) की 30 अक्टूबर की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हेलीकॉप्टर VT-HCX ने बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए दोपहर करीब 1:14 बजे उड़ान भरी थी। ज्योतिर्मठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम भी उसकी लोकेशन पता नहीं कर सका।

पायलट समेत छह लोग थे सवार
हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), दिल्ली थे। उनके अलावा पांच यात्री सवार थे। इनमें प्रथापा (41), अरुण (44), वीपी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के (50) और एचएस नटराज (51) शामिल हैं। सभी यात्री पुरुष हैं और कर्नाटक के बताए गए हैं।

सेना, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें जुटी
सूचना मिलने के तत्काल बाद भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें तलाशी एवं बचाव अभियान के लिए रवाना हुईं और राहत-बचाव शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर भी रोक लगा दी गई है।

इससे पहले डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिलने और जानकारी जुटाए जाने की बात कही थी। जेपी डैम साइट के ऊपर आग की लपटों जैसी वस्तु दिखाई देने की सूचना भी सामने आई थी। हालांकि, अब सभी की मौत की बात सामने आई है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि की जानी बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button