भागीरथी नदी में समाई इनोवा कार, 04 लोगों की मौत, 02 की तलाश जारी
गंगोत्री हाईवे पर सुबह करीब 7:21 बजे हुआ हादसा, कार में सवार थे सात लोग, एक घायल को सड़क तक पहुंचाने का प्रयास

Round The Watch News: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों के शव नदी किनारे बरामद होने की सूचना है। वहीं, एक घायल को नदी किनारे से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। ऐसे में अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।
जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:21 बजे गंगनानी के पास एक वाहन के भागीरथी नदी में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटनास्थल गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी की ओर बताया गया है। नदी में गिरा वाहन इनोवा कार है।
घटनास्थल पर पहुंची मनेरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद होने की सूचना मिली है। वहीं, एक घायल व्यक्ति नदी किनारे मिला है, जिसे पुलिस की मदद से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन में सात लोगों के सवार होने की जानकारी के आधार पर शेष लोगों की तलाश की जा रही है।
मृतकों में मां-बेटी और चालक शामिल
हादसे में मृतकों की पहचान भी सामने आ गई है। मृतकों में गुजरात के सूरत निवासी 49 वर्षीय पटेल अशोकबेन और उनकी 19 वर्षीय बेटी रुतिका अशोकभाई पटेल शामिल हैं। इनके अलावा गुजरात निवासी 32 वर्षीय धनश्यामभाई सरवालिया और हरिद्वार निवासी वाहन चालक सुरेंद्र सिंह की भी हादसे में मौत हुई है। चालक की उम्र की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हादसे में 17 वर्षीय पटेल वेदांत अशोकभाई घायल हुए हैं। वह भी सूरत के शिवालिक रेजिडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगम के निवासी हैं। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी में उपचार दिया गया है। हालत को देखते हुए हेलीकाप्टर एंबुलेंस से देहरादून रेफर करने की कार्यवाही की जा रही है।
दो महिलाएं अब भी लापता
वाहन में सवार दो महिलाएं अब भी लापता हैं। इनमें 45 वर्षीय पटेल सुदाबेन अशोकभाई निवासी गुजरात और 34 वर्षीय पटेल किरणबेन विशालभाई निवासी सायला, सुरेंद्रनगर, गुजरात शामिल हैं। दोनों की तलाश के लिए नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए मनेरा से एनडीआरएफ के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें नदी में और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चला रही हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।



