Uttarakhandआपदा प्रबंधन

आठ लापता ट्रेकर्स की तलाश में हाथ लगे सिर्फ खाली टेंट, कपड़े, राशन और चप्पलें

उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक में समय बीतने के साथ बढ़ती जा रही आशंका

Round The Watch News: केदारताल क्षेत्र में लापता 07 ट्रैकर और उनके गाइड सिद्धार्थ राणा की तलाश अब तक बेनतीजा है। खोज अभियान के दौरान गढ़वाल हिमालयन ट्रैकिंग एवं माउंटेनियरिंग एसोसिएशन की टीम को बर्फ में दबा एक टेंट मिला है। टेंट के भीतर से कपड़े, चप्पलें और राशन सामग्री बरामद हुई है। हालांकि, टेंट मिलने के बावजूद लापता आठों लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद टीम ने आसपास के दो से तीन किलोमीटर क्षेत्र में भी पैदल तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।

लापता ट्रैकिंग दल की खोज के लिए एसोसिएशन ने नौ सदस्यीय विशेषज्ञ टीम को पैदल रवाना किया था। संगठन के वरिष्ठ सदस्य तमन रतूड़ी के नेतृत्व में टीम ने भोज खरक और कच्ची ढांग-केदार खरक क्षेत्र में दुर्गम परिस्थितियों के बीच तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान बर्फ के नीचे दबे टेंट का पता चला। टीम ने टेंट के ऊपर जमी बर्फ हटाकर अंदर जांच की तो वहां कपड़े, चप्पलें और राशन सामग्री मिली। इन सामानों की बरामदगी से खोज अभियान को एक महत्वपूर्ण सुराग जरूर मिला, लेकिन लापता ट्रैकर्स और गाइड का पता नहीं चल सका।

टेंट मिलने के बाद खोज का दायरा बढ़ाते हुए टीम ने आसपास के दो से तीन किलोमीटर क्षेत्र में भी पैदल तलाशी की। इस दौरान संभावित स्थानों को खंगाला गया, लेकिन कहीं भी लापता लोगों के मिलने या उनके संबंध में कोई अन्य जानकारी नहीं मिली। दूसरी ओर, क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बर्फबारी, बेहद खराब मौसम और शून्य दृश्यता ने अभियान को और चुनौतीपूर्ण बना दिया। इन परिस्थितियों में आगे बढ़ना खोज दल के सदस्यों की सुरक्षा के लिए भी जोखिम भरा हो गया था।

गढ़वाल हिमालयन ट्रैकिंग एवं माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह राणा ने बताया कि नौ सदस्यीय टीम ने विषम परिस्थितियों के बावजूद व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। बर्फ में दबे टेंट से सामान भी बरामद हुआ, लेकिन लापता आठों लोगों का कोई पता नहीं चल सका। लगातार बिगड़ते मौसम और शून्य दृश्यता के कारण फिलहाल पैदल सर्च अभियान स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। मौसम में सुधार होने के बाद क्षेत्र की परिस्थितियों का आकलन कर आगे की खोजबीन को लेकर फैसला लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button