
Rajkumar Dhiman, Dehradun: भाजपा सांसद कंगना रनौत के पुराने मंदिर दर्शन के वीडियो को करवाचौथ से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में देहरादून पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि वीडियो को भ्रामक कैप्शन और टिप्पणियों के साथ साझा कर यह दावा किया गया कि कंगना रनौत ने 29 अक्टूबर को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, कंगना रनौत का वायरल वीडियो राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना का है। वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती नजर आती हैं। आरोप है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों ने इस पुराने वीडियो को नए संदर्भ में पेश करते हुए करवाचौथ से जोड़ दिया। अलग-अलग आईडी से वीडियो, रील और टिप्पणियां प्रसारित की गईं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे सांसद की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ महिलाओं के सम्मान और धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया।
हालांकि, इस वीडियो की पड़ताल में सामने आया है कि इसका करवाचौथ से कोई संबंध नहीं है। वीडियो जून 2026 का है। कंगना रनौत ने 11 जून को खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जोधपुर के मंदिर दर्शन का वीडियो साझा किया था। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4,400 दिन का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर उन्होंने पूजा-अर्चना कर उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की थी। 12 जून को टीवी9 भारतवर्ष समेत अन्य मीडिया संस्थानों ने भी इस वीडियो को साझा किया था। करवाचौथ के दिन 29 अक्टूबर को इसे दोबारा प्रसारित कर नया और भ्रामक संदर्भ जोड़ दिया गया। द क्विंट और मनीकंट्रोल सहित कई मीडिया संस्थानों की फैक्ट चेक रिपोर्ट में भी वायरल दावे को गलत बताया गया है।
नेहा शर्मा की तहरीर पर राजपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 275/26 दर्ज किया गया है। इसमें आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) और बीएनएस की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट और उनके संचालकों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपितों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की ओर से किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी गई है।



