
Round The Watch News: प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला में अज्ञात व्यक्ति ने युवती की हत्या कर शव बोरे में बंद कर दिया और कूड़े के ढेर में डाल दिया। इसके बाद शव के ऊपर कूड़ा डाल दिया। स्थानीय लोग जब कूड़ा फेंकने के लिए पहुंचे तो उन्हें दुर्गंध महसूस हुई। बोरे से खून निकलता देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची प्रेमनगर थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया। मृतका का गला बुरी तरह रेता हुआ था और पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा भी कुचल दिया गया था। पुलिस मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम स्थानीय लोग जामुनवाला में कूड़ा फेंकने गए थे। इस दौरान उन्हें कूड़े के नीचे बोरा दिखाई दिया, जिससे दुर्गंध आ रही थी। बोरे से खून भी बह रहा था। सूचना पर एसपी सिटी शेखर सुयाल और प्रेमनगर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
जांच में सामने आया कि मृतका ने शूट-सलवार पहना हुआ था, लेकिन उसके पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे पहचान हो सके। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए कोरोनेशन अस्पताल में रखवाया है। शहर के अन्य थानों में भी मृतका की तस्वीर भेजी गई है। आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हत्या कहीं और कर शव फेंकने का अंदेशा
पुलिस के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को जामुनवाला में कूड़े के ढेर में फेंका गया। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी जांची जा रही हैं।
देहरादून में पहले भी सामने आ चुके हैं हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने के मामले
1. शहनूर हत्याकांड: प्रेमी ने सूटकेस में बंद कर जंगल में फेंका शव
मृतका: शहनूर (24 वर्ष)
आरोपित: राशिद (23 वर्ष), निवासी बागोवाली, मुजफ्फरनगर
घटनास्थल: संस्कृति लोक कॉलोनी, आईएसबीटी के पास
शव बरामदगी: आशारोड़ी का जंगल
घटना: 27 दिसंबर 2023, खुलासा 30 मार्च 2024
हरिद्वार के जमालपुर कलां निवासी शहनूर देहरादून में ब्यूटी पार्लर का काम करती थी और राशिद के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। 27 दिसंबर 2023 की रात दोनों के बीच विवाद हुआ। राशिद ने गला दबाकर शहनूर की हत्या कर दी।
अगले दिन उसने शहनूर के एटीएम कार्ड से 17 हजार रुपये निकाले। इसके बाद लाल रंग का बड़ा सूटकेस और रस्सी खरीदी। शव को सूटकेस में बंद कर शहनूर की स्कूटी पर बांधा और आशारोड़ी से पांच-छह किलोमीटर आगे जंगल की खाई में फेंक दिया। हत्या के बाद वह मुजफ्फरनगर और फिर पानीपत चला गया।
शहनूर के स्वजन ने 29 जनवरी 2024 को पटेलनगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। करीब तीन महीने बाद पुलिस ने राशिद को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर सूटकेस से शव बरामद किया।
2. दिगंबर धीमान हत्याकांड: ढाई लाख रुपये के विवाद में हत्या, जंगल में दबाया शव
मृतक: दिगंबर धीमान (28 वर्ष)
आरोपित: हेमंत कुमार, आदिल और वैभव भट्ट उर्फ संजू
घटनास्थल: रेसकोर्स सी-ब्लॉक
शव बरामदगी: चिड़ियापुर का जंगल
घटना: 9 फरवरी 2026
शास्त्री नगर, वसंत विहार निवासी दिगंबर धीमान नौ फरवरी 2026 को कोर्ट की तारीख पर जाने के बाद लापता हो गए थे। 11 फरवरी को उनके पिता संतराम धीमान ने बसंत विहार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सामने आया कि ढाई लाख रुपये के लेन-देन के विवाद में रेसकोर्स सी-ब्लॉक स्थित मकान में दिगंबर की हत्या कर दी गई थी। आरोपितों ने लोहे की रॉड, हथौड़े और पेचकस से हमला किया था। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर टैक्सी की डिग्गी में रखा और चिड़ियापुर के जंगल में नहर किनारे रेत में दबा दिया।
टैक्सी चालक राजनन्दन से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस ने हेमंत कुमार (37), आदिल (38), वैभव भट्ट उर्फ संजू (25) और टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया। आरोपितों की निशानदेही पर लोहे की रॉड, हथौड़ा और मृतक के जूते भी बरामद किए गए।
3. अपर सुद्धोवाला: बालासुंदरी मंदिर के पास कट्टे में मिला महिला का शव
मृतका: तत्समय अज्ञात महिला (अनुमानित उम्र 30 से 32 वर्ष)
स्थान: बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल, अपर सुद्धोवाला
घटना: 08 मार्च 2026
खुलासा: 19 मार्च 2026
थाना: प्रेमनगर
अपर सुद्धोवाला में बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में कट्टे के भीतर महिला का शव मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव काफी पुराना और क्षत-विक्षत होने के कारण महिला की पहचान में लंबा समय लग गया था। पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। हत्या के बाद शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने क्षेत्र में 05 हजार परिवारों से पूछताछ की। पता चला कि रंजीत शर्मा नाम के व्यक्ति (बिहार) निवासी ने अपनी पत्नी को छोड़कर देहरादून में दूसरी शादी कर ली थी, पहली पत्नी रूपा के देहरादून आने पर विवाद बढ़ा तो रंजीत ने रूपा की हत्या कर दी थी। 19 मार्च को रंजीत को गिरफ्तार कर लिया गया था।



