रुड़की में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, परिवार को बंधक बनाकर नकदी-जेवर लूटे
पाड़ली गुर्जर गांव में आधी रात घर में घुसे चार नकाबपोश बदमाश, पिस्तौल और तमंचे के बल पर परिवार को बनाया बंधक

Rajkumar Dhiman, Dehradun: गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाड़ली गुर्जर गांव में हथियारबंद बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। चार नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल और तमंचे के बल पर घर में लूटपाट की और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद से परिवार के लोग दहशत में हैं।
पीड़ित के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य रात में घर पर सो रहे थे। इसी दौरान चार बदमाश घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गए। अचानक हथियारबंद लोगों को सामने देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए। बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर मीम को अपने कब्जे में ले लिया और घर में रखी नकदी व जेवरात के बारे में पूछताछ करने लगे।
इसके बाद बदमाश उनकी पत्नी को तमंचे के बल पर ऊपर बने मकान में ले गए। वहां मौजूद बेटे और पुत्रवधू को भी हथियारों के बल पर बंधक बना लिया गया। बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को डराकर घर में तलाशी ली और कीमती सामान समेट लिया। जाते समय उन्होंने किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चारों बदमाश सफेद रंग की आई-20 कार से गांव पहुंचे थे। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध कार दिखाई देने की बात कही गई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।



