crimeDehradun

ऋषिकेश में महिला की घर के भीतर गोली मारकर हत्या, एकतरफा प्रेम का एंगल जांच में

मृतका 35 वर्षीय प्रीति का हुआ था तलाक, मूल रूप से यमकेश्वर की थी रहने वाली

Amit Bhatt, Dehradun: शिवाजी नगर क्षेत्र देर रात उस समय दहशत से भर गया, जब घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका, मूल रूप से यमकेश्वर निवासी 35 वर्षीय प्रीति, एम्स ऋषिकेश में अटेंडेंट के रूप में कार्यरत थी। वह कुछ समय पहले तलाक ले चुकी थी और उसका लगभग 08 साल का बेटा गांव में नाना के पास रहता है।
कैसे हुई वारदात

शनिवार रात करीब 10 बजे प्रीति अपने किराए के कमरे में अकेली थी। उसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। पुलिस के अनुसार, प्रीति ने लकड़ी का अंदरूनी दरवाजा खोला था, जबकि जाली वाला दरवाजा बंद था। आरोप है कि युवक ने इसी जाली के बीच से प्रीति के सीने में गोली दाग दी।

गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और खून से लथपथ प्रीति को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हत्या में किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति के शामिल होने की आशंका मजबूत है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाए हैं, जबकि पुलिस ने आरोपित की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी है।

घटना स्थल पर अफरा-तफरी
जिस स्थान पर प्रीति रहती थी, वह इलाका अपेक्षाकृत सुनसान है और एम्स के पीछे पड़ता है। कमरे के मुख्य दरवाजे पर दोहरी व्यवस्था—लकड़ी और जाली—थी। पुलिस के अनुसार, गोली जाली के दरवाजे से अंदर दागी गई। जांच के लिए पुलिस ने जाली वाला दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। मौके पर एसपी देहात जया बलूनी भी पहुंचीं और टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button