
Amit Bhatt, Dehradun: प्रेम, जिद और अस्वीकृति के खतरनाक मेल ने एक 35 वर्षीय महिला की जान ले ली। ऋषिकेश क्षेत्र में हुई प्रीति की निर्मम हत्या का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 04 वर्षों से मृतका के साथ प्रेम संबंध में था और शादी से इनकार किए जाने पर उसने गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका प्रीति रावत और आरोपी सुरेश गुप्ता के बीच कोरोनाकाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी शादी को लेकर इतना जुनूनी हो गया था कि उसने अपनी पत्नी को आपसी सहमति से तलाक दे दिया, बच्चों से दूरी बना ली और यहां तक कि अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी।
शादी के लिए सब कुछ दांव पर लगाया
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि सुरेश गुप्ता प्रीति से शादी करने के लिए ऋषिकेश में मकान तलाश रहा था। उसने अपनी जमा पूंजी भी प्रीति पर खर्च कर दी थी। शुरुआत में प्रीति और उसके परिजनों ने शादी का आश्वासन दिया, लेकिन बीते कुछ समय से प्रीति ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
अंदर ही अंदर घुटता रहा आरोपी
शादी से इनकार, परिजनों की असहमति और खुद के बीवी-बच्चों से दूर हो जाने की स्थिति ने आरोपी को मानसिक रूप से तोड़ दिया। इसी कुंठा में उसने प्रीति की हत्या की साजिश रच डाली।
अवसाद ऐसा कि घर जाकर मारी गोली
31 जनवरी 2026 की रात आरोपी प्रीति के घर पहुंचा। एक बार फिर शादी से इनकार होने पर उसने तमंचे से गोली मारकर प्रीति की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया था।
सहारनपुर से गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे। कई टीमें गठित की गईं, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को छुटमलपुर, सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया।
हत्या के आरोपी का विवरण
नाम: सुरेश गुप्ता
पिता: स्व. लालामल गुप्ता
उम्र: 40 वर्ष
वर्तमान पता: आवास विकास कॉलोनी, ऋषिकेश
मूल निवासी: ग्राम दरगाहपुर, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार



