crimeDehradun

15 लाख में अर्जुन हत्याकांड की डील, कुछ नाम साए सामने, एनकाउंटर में घायल बदमाश ने खोला मुंह

पुलिस कर रही गहन पूछताछ, हत्याकांड में आरोपी बनाए गए व्यक्तियों से क्या है संबंध

Amit Bhatt, Dehradun: तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या से दहले शहर में पुलिस ने गुरुवार तड़के बड़ा एक्शन किया। सघन नाकेबंदी और लगातार चेकिंग अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो मुठभेड़ों (एनकाउंटर) में शूटर और उसके सहयोगी को दबोच लिया गया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए बदमाशों से पुलिस ने पूछताछ की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। यमकेश्वर पौड़ी से ताल्लुक रखने वाले एक बदमाश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 12 से 15 लाख में अर्जुन को ठिकाने लगाने की डील की थी। यह डील किसके साथ की गई, इस संबंध में कुछ नाम सामने आए हैं। गहन पूछताछ अभी जारी है।

शहर से देहात तक नाकेबंदी, हर संदिग्ध पर थी नजर
हत्या के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर पूरे जनपद में अलर्ट जारी था। शहर से लेकर देहात तक चेकिंग, बैरिकेडिंग और जंगल क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को दो अलग-अलग स्थानों पर सफलता हाथ लगी।

रायपुर के लाडपुर जंगल में पहली मुठभेड़
रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घेर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए तत्काल Coronation Hospital (कोरोनेशन चिकित्सालय) भेजा गया।

लालतप्पड़ चौकी पर दूसरी भिड़ंत
उधर लालतप्पड़ पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर पीछे मुड़ा और एक खंडहरनुमा फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

दो तमंचे और स्कूटी बरामद
गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए अर्जुन हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है।

अस्पताल पहुंचे एसएसपी, जानकारी ली
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। एसएसपी देहरादून स्वयं अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल दोनों आरोपियों का उपचार जारी है और पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है।

देहरादून पुलिस का संदेश साफ है, अपराध कर भागना आसान नहीं। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button