उत्तराखंड में कमर्शियल LPG सिलेंडर बुकिंग बंद, ESMA लागू, होटल और रेस्टोरेंट में खलबली
पश्चिम एशिया के तनाव का असर: उत्तराखंड में फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता

Round The Watch Desk: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और संभावित गैस संकट की आशंका के बीच सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य में फिलहाल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग और आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई है। इस बीच केंद्र सरकार ने आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम (ESMA) लागू करते हुए घरेलू उपभोक्ताओं और जरूरी सेवाओं के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
पूर्ति विभाग के एडिशनल कमिश्नर पी.एस. पांगती ने बताया कि राज्य में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर्याप्त नहीं होने के कारण यह फैसला लिया गया है। वर्तमान परिस्थितियों में केवल अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को ही कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।
होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर असर की आशंका
सरकार के इस निर्णय से राज्य के होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग का कहना है कि जैसे ही गैस सिलेंडरों की सप्लाई सामान्य होगी, सभी उपभोक्ताओं के लिए नियमित आपूर्ति फिर से शुरू कर दी जाएगी।
जमाखोरी रोकने के लिए ESMA लागू
एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने ESMA लागू किया है। इसके तहत गैस की आपूर्ति पर कड़ी निगरानी रखते हुए घरेलू उपभोक्ताओं और आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकार का कहना है कि हाल के महीनों में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी की घटनाएं बढ़ने लगी थीं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता
ESMA लागू होने के बाद अस्पताल, स्कूल, सरकारी संस्थान और अन्य जरूरी सेवाओं को एलपीजी और अन्य ईंधन की आपूर्ति में प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
गैस बुकिंग के नियमों में भी बदलाव
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गैस बुकिंग और डिलीवरी के नियमों में भी बदलाव किए गए हैं—
घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक किया जा सकेगा।
गैस डिलीवरी के समय OTP और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है।
जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए विभाग द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
कारोबारियों की बढ़ीं मुश्किलें
कमर्शियल गैस सप्लाई बंद होने से होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। रेस्टोरेंट एसोसिएशन देहरादून के सदस्य रमन चड्डा ने बताया कि फिलहाल होटल और रेस्टोरेंट उपलब्ध स्टॉक से काम चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि गैस सप्लाई लंबे समय तक बाधित रहती है तो कई प्रतिष्ठानों को इंडक्शन या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। वहीं स्थिति और बिगड़ने पर होटल और रेस्टोरेंट बंद करने की नौबत भी आ सकती है।
सरकार का कहना है कि यह कदम पूरी तरह अस्थायी है और सप्लाई सामान्य होते ही व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी गैस की नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।




