crimeDehradunUttarakhand

रुद्रप्रयाग के युवक का शव देहरादून में बंद कमरे में मिला, फैक्ट्री में काम करता था युवक

बंद कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को दी थी सूचना

Srimohan Naithani, Rudraprayag: राजधानी देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के छरबा इलाके में एक किराए के मकान के अंदर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि लांघा रोड छरबा स्थित पीएनबी एटीएम के पास प्यार सिंह के मकान में एक व्यक्ति किराए पर रहता है, जिसका कमरा अंदर से बंद है। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और कमरे से तेज दुर्गंध आने के कारण आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली सहसपुर से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर ग्राम प्रधान, मकान मालिक और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खुलने पर अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान दीवान सिंह (लगभग 40 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम सारी, ऊखीमठ, जिला रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीवान सिंह सेलाकुई स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और पिछले करीब 10 वर्षों से छरबा में किराए के मकान में रह रहा था।

घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि मृतक के रिश्तेदार सुमन सिंह और दीपक, जो कि उसकी मौसी के बेटे हैं, भी मौके पर मौजूद थे। परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और फील्ड यूनिट टीम को बुलाया, जिन्होंने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button