Uttarakhand

उत्तराखंड: कार खाई में गिरी, पौड़ी निवासी पीएनबी के हेड कैशियर की दर्दनाक मौत

पीएनबी की थलीसैंण शाखा में थे कार्यरत, सल्ट के कूपी बैंड पर हुआ हादसा

Round The Watch News: अलमोड़ा के सल्ट क्षेत्र के कूपी बैंड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक कर्मी की मौत हो गई। मरचूला मार्ग पर स्टेट हाईवे से एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की थलीसैंड शाखा में हेड कैशियर के पद पर तैनात थे।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मरचूला क्षेत्र के कूपी बैंड के पास कार संख्या यूके-19बी-0880 अचानक अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल मरचूला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुभाष सिंह बिष्ट पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट हाल निवासी कचनालगाजी, बिजलीघर काशीपुर (जिला उधम सिंह नगर) के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार सुभाष सिंह बिष्ट मूल रूप से सुनवर्मा गांव, तल्ला पटवारी क्षेत्र, तहसील गुजडू धुमाकोट (पौड़ी गढ़वाल) के रहने वाले थे और वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक की थलीसैंड शाखा में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम बैंक का कामकाज निपटाने के बाद वह अवकाश के चलते अपने घर काशीपुर जा रहे थे। इसी दौरान मरचूला क्षेत्र के कूपी बैंड के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और बैंक कर्मियों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button