जीजा-साली चला रहे थे सेक्स रैकेट, 18 साल की युवती से जबरन धंधा, 03 गिरफ्तार
हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जीजा-साली समेत तीन गिरफ्तार

Rajkumar Dhiman, Dehradun: हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया है। रानीपुर कोतवाली पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर जीजा-साली समेत तीन व्यक्तियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। 18 साल की एक नवयुवती को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया गया। वह उससे जबरन वेश्यावृत्ति करा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की हृदय विहार कॉलोनी, सलेमपुर स्थित एक किराए के मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने शनिवार को मकान पर दबिश दी, जहां अंदर आपत्तिजनक हालत में लोग पाए गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 40 वर्षीय इरफान , उसकी 29 वर्षीय साली चांदनी और एक अन्य व्यक्ति सोफिया को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उत्तर प्रदेश की एक 18 वर्षीय युवती को मुक्त कराया गया, जिससे कथित रूप से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, चार मोबाइल फोन, तीन चार्जर और देह व्यापार से अर्जित करीब 3000 रुपये की नकदी भी बरामद की है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक वैगनआर कार भी जब्त की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले कई दिनों से किराए के मकान में यह अवैध गतिविधि चला रहे थे। स्थानीय लोगों को भी इस कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि देह व्यापार की शिकायत मिलने पर पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
-इरफान पुत्र महमूद, निवासी ग्राम व थाना कलियर, जनपद हरिद्वार (उम्र 40 वर्ष)
-सोफियान पुत्र साजिद, निवासी ग्राम महमूदपुर थाना पीरान कलियर, जनपद हरिद्वार (उम्र 24 वर्ष)
-चांदनी, निवासी थाना कलियर, जनपद हरिद्वार (उम्र 29 वर्ष)
बरामद सामान
-दो लिफाफों में आपत्तिजनक सामग्री
-चार मोबाइल फोन और तीन चार्जर
-देह व्यापार से प्राप्त ₹3000 की नकदी
-घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार



