कार लूटकर भाग रहे बदमाशों ने स्कूटी को मारी टक्कर, सेवानिवृत्त इंजीनियर की मौत
बदमाशों ने बुकिंग पर बुलाई कार और फिर चालक को धक्का देकर लूट ली थी कार, फिर हुआ हादसा

Round The Watch News: हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में शनिवार शाम कार लूटकर भाग रहे बदमाशों ने तेज रफ्तार में एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बदमाश लूटी गई कार को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नगला निवासी रोहित निजी कार बुकिंग का काम करता है। शनिवार शाम तीन युवकों ने रुड़की के मोहनपुरा इलाके से हरियाणा जाने के लिए उसकी टाटा नेक्सॉन कार बुक कराई थी। बताया जा रहा है कि तीनों युवक शराब के नशे में थे।
कार जब मंगलौर क्षेत्र में गुड़ मंडी के पास पहुंची तो युवकों ने किसी बहाने से कार रुकवा ली। जैसे ही वाहन रुका, तीनों बदमाशों ने चालक रोहित को जबरन कार से नीचे खींच लिया और धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद वे कार लेकर फरार हो गए। चालक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
उधर, बदमाश तेज रफ्तार में कार लेकर भाग रहे थे। इसी दौरान लिब्बरहेड़ी के पास उन्होंने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार अनिल त्यागी (65) निवासी ग्राम कुहाहेड़ी, गुरुकुल नारसन की मौके पर ही मौत हो गई। अनिल त्यागी सिंचाई विभाग, रुड़की से सेवानिवृत्त इंजीनियर थे।
टक्कर के बाद बदमाश घबराकर कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे में सेवानिवृत्त इंजीनियर अनिल त्यागी की मौत हुई है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की जा रही है।



