
Round The Watch News: राजधानी दून में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार इनोवा कार का कहर देखने को मिला। बेकाबू कार ने दो बाइक सवारों को रौंद डाला। इसके साथ ही कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद कार गेट तोड़कर एक घर में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि एक अन्य व्यक्ति भी हादसे में घायल हुआ, उसका भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार इनोवा सवार चालक नशे में धुत्त था। ओल्ड सर्वे रोड पर बड़े हादसे से पहले उसने डीएल रोड पर एक कार (UK07DF1795) को टक्कर मारी। इसके बाद थोड़ा आगे एक स्कूटी (UK07FS5518) को चपेट में ले लिया। जिसमें डीएल रोड आंबेडकर नगर निवासी राहुल घायल गए। कार सवार यहीं नहीं थमा, उसने एक बाइक (UK07FR5116) को बहुत तेज टक्कर मारी और कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए।
बाइक पर ओल्ड सर्वे रोड निवासी पिता पुत्र सवार थे। हादसे में पिता रोहित फिलिप (48) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अनुज (22) दून अस्पताल जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। वहीं, राहुल को पहले वैश्य नर्सिंग होम भेजा गया था, लेकिन बाद में मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोहराम मचाने के बाद इनोवा कार ओल्ड सर्वे रोड पर छाबड़ा निवास का गेट तोड़कर घर में जा घुसी। जिससे परिसर में खड़ी कार (UK07BN2255) और स्कूटी (UK07FX1837) क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने इनोवा चालक को पकड़ लिया। जिसका नाम गुनीत सिंह, निवासी इंदर रोड बताया जा रहा है। उसे गिरफ्तार कर मेडिकल के लिए कोरोनेशन जिला अस्पताल ले जाया गया।



