policeUttarakhand

कोटद्वार में पुलिस टीम पर हमला, डीजे बंद कराने पर गुस्साए दो भाइयों की करतूत

एक हमलावर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक अभी फरार

Round The Watch News: कोटद्वार के आमपड़ाव क्षेत्र में देर रात डीजे बजाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका भाई अभी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात गश्त के दौरान पुलिस टीम आमपड़ाव के खुमरा बस्ती इलाके में पहुंची, जहां कुछ युवक सड़क पर डीजे लगाकर नाच रहे थे और यातायात बाधित हो रहा था। पुलिस उपनिरीक्षक व बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने टीम के साथ युवकों को समझाया कि सड़क खाली रखें और डीजे को किनारे लगाकर कार्यक्रम करें। समझाने पर कुछ युवक वहां से हट गए, लेकिन दो सगे भाई—आकिब उर्फ गबरू और शाहिद—डीजे बंद करने को तैयार नहीं हुए।

बताया जा रहा है कि बार-बार समझाने के बावजूद दोनों भाई आक्रामक हो गए। इस दौरान शाहिद ने अपने भाई आकिब को पुलिस पर हमला करने के लिए उकसाया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने शाहिद को हिरासत में लेकर वाहन में बैठा लिया।

इसी बीच, आकिब लोहे का सरिया लेकर मौके पर पहुंचा और पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने पहले वाहन के शीशे पर वार किया, जिससे शीशा टूट गया। वहीं, वाहन के अंदर बैठा शाहिद भी पुलिसकर्मियों से उलझ गया और जान से मारने की धमकी देने लगा। आकिब ने वाहन के आगे के शीशे पर भी हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस टीम ने बाहर निकलकर आकिब को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।

कोतवाली पहुंचकर चौकी प्रभारी विनोद कुमार की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आकिब की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button