Uncategorized

दून में सोमवार को ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, सरकार के “चार साल बेमिसाल” को रूट प्लान

फजीहत से बचने को देख लें प्लान, प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

Round The Watch Desk: परेड ग्राउंड में 23 मार्च को आयोजित होने जा रहे उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम को लेकर शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। कार्यक्रम में भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने अलग-अलग रूट तय किए हैं, साथ ही पार्किंग और बैरियर व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

इन रूट्स से पहुंचेगी आम जनता

मसूरी/राजपुर रोड से आने वाले वाहन मसूरी डायवर्जन, ग्रेट वैल्यू, बहल चौक, सर्वे चौक होते हुए कॉन्वेंट तिराहा तक आएंगे, जहां से उन्हें बन्नू स्कूल पार्किंग में भेजा जाएगा। यहां के लिए पिकअप प्वाइंट आईआरडीटी (सर्वे चौक के पास) रहेगा।

विकासनगर/चकराता की ओर से आने वाले वाहन बल्लूपुर, किशननगर, बिंदाल, घंटाघर, दर्शनलाल चौक होते हुए लैंसडाउन चौक तक पहुंचेंगे और बन्नू स्कूल में पार्किंग करेंगे। इनके लिए पिकअप प्वाइंट कनक चौक तय किया गया है।

रुड़की/आईएसबीटी से आने वाले वाहन कारगी चौक, पुरानी बाईपास, धर्मपुर होते हुए बुद्धा चौक तक आएंगे और रेसकोर्स पार्किंग में भेजे जाएंगे। यहां पिकअप प्वाइंट भी बुद्धा चौक रहेगा।

रायपुर और सहस्त्रधारा रोड से आने वाले वाहनों को सर्वे चौक और कॉन्वेंट तिराहा तक ड्रॉप कर संबंधित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा, जबकि डोईवाला की ओर से आने वाले वाहनों को रिस्पना, धर्मपुर, सीएमआई होते हुए लैंसडाउन चौक पर वन-साइड पार्किंग दी जाएगी।

विक्रम और सिटी बसों के रूट भी बदले

कार्यक्रम के दौरान विक्रम (शेयर ऑटो) के कई रूटों पर डायवर्जन रहेगा। रायपुर, धर्मपुर, आईएसबीटी, कांवली, प्रेमनगर और राजपुर रूट के विक्रमों को बीच रास्ते से ही वापस भेजा जाएगा।

सिटी बसों के लिए भी नया रूट प्लान जारी किया गया है। आईएसबीटी से राजपुर रोड जाने वाली बसें दर्शनलाल चौक और घंटाघर होकर जाएंगी, जबकि रिस्पना और रायपुर की ओर से आने वाली बसों को भी वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

पार्किंग के लिए बनाए गए विशेष इंतजाम

बसों के लिए गुरुद्वारा ग्राउंड (रेसकोर्स), रेंजर्स ग्राउंड और गुरुनानक स्कूल ग्राउंड को पार्किंग स्थल बनाया गया है। वहीं कार और दोपहिया वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस, परेड ग्राउंड, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, डूंगा हाउस, श्रीनिवास वेडिंग प्वाइंट और अन्य स्थान चिन्हित किए गए हैं।

बैरियर सिस्टम से नियंत्रित रहेगा ट्रैफिक

परेड ग्राउंड के आसपास ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए आउटर और इनर बैरियर लगाए जाएंगे। आउटर बैरियर ईसी रोड सर्वे चौक, मनोज क्लिनिक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, ओरिएंट चौक और पैसिफिक तिराहा पर होंगे, जहां से केवल पासधारक और वीआईपी वाहनों को ही सीमित प्रवेश मिलेगा।

इनर बैरियर रोजगार तिराहा, कनक चौक, डूंगा हाउस, लैंसडाउन चौक और कॉन्वेंट तिराहा पर लगाए जाएंगे। यहां से आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पैदल पहुंचेंगे आम लोग

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पासधारकों और वीवीआईपी को छोड़कर कोई भी वाहन परेड ग्राउंड तक नहीं जा सकेगा। आम नागरिक निर्धारित ड्रॉप प्वाइंट से पैदल चलते हुए पवेलियन ग्राउंड और बीजेपी कार्यालय के पास बनाए गए प्रवेश द्वार से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तय रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

कार्यक्रम से पहले संयुक्त निरीक्षण

परेड ग्राउंड में 23 मार्च को प्रस्तावित बड़े कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए रविवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विशेष रूप से कार्यक्रम में आने वाले विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि सभी वाहनों की पार्किंग पहले से चिन्हित स्थानों पर ही कराई जाए, जिससे कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button