
Round The Watch News: मातम के माहौल में दून पुलिस के एक दरोगा का व्यवहार अमर्यादित नजर आया। जिसका त्वरित संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने उप निरीक्षक (एसआई) कृष्ण कुमार सिंह को निलंबित कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को थाना रायपुर क्षेत्र में एक पीआरडी कर्मी सुनील रतूड़ी (45 वर्ष) आत्महत्या के मामले के बाद कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसी क्रम में थाना डालनवाला से उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह को ड्यूटी पर भेजा गया था।
बताया गया है कि ड्यूटी के दौरान उप निरीक्षक द्वारा ऐसा आचरण किया गया, जो उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी सर्वोपरि है, और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस महकमे में सख्त संदेश
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या अनुचित व्यवहार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि पीआरडी जवान की हवालात में मौत के बाद उनके परिजनों गम और गुस्से में थे। हवालात में मौत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी थानाध्यक्ष समेत चार पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर चुके थे। हालांकि, परिजनों के आरोप बेहद गंभीर थे। थाने से लेकर कोरोनेशन अस्पताल तक माहौल मातमी और तनावपूर्ण था।
लिहाजा, व्यवस्था बनाने के लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई गई थी और एसआई कृष्ण कुमार सिंह भी व्यवस्था बनाने वाली पुलिस टीम का हिस्सा थे। आरोप हैं कि मातम के माहौल के दौरान एसआई का आचरण उनके पद के अनुरूप नहीं था। मृतक के परिजनों ने इसको लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी।



