crimeDehradun

ओवरटेकिंग विवाद में चली गोली, मॉर्निंग वॉक कर रहे ब्रिगेडियर की मौत

राजपुर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, टायर पर फायरिंग के दौरान बेकसूर की गई जान

Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी दून में ये किस मानसिकता के लोगों को बसने और गुंडागर्दी की छूट दी जा रही है, जो ओवरटेकिंग जैसे मामूली मामले में भी गोली चलाने का दुस्साहस कर रहे हैं। मसूरी रोड पर सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। दो कार सवारों के बीच शुरू हुआ झगड़ा गोलीबारी तक पहुंच गया, जिसमें सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक निर्दोष व्यक्ति को गोली लग गई। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। वह सेना के रिटायर ब्रिगेडियर मुकेश जोशी बताए जा रहे हैं। वह जोहड़ी क्षेत्र के रहने वाले थे।

पास न देने पर शुरू हुआ विवाद, पीछा कर चलाई गोली
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:50 बजे जोहड़ी गांव के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N कार के बीच पास देने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसके टायर पर फायरिंग शुरू कर दी, ताकि वाहन को रोका जा सके।

टायर पर निशाना, लेकिन राहगीर बना शिकार
हमलावरों की ओर से चलाई गई गोली दुर्घटनावश सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (रिटायर) को जा लगी। गंभीर रूप से घायल मुकेश जोशी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पेड़ से टकराई फॉर्च्यूनर, फिर मारपीट और तोड़फोड़
फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जोहड़ी गांव के पास सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।

घटना के बाद आरोपी फरार, जिलेभर में नाकेबंदी
घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक लापरवाही, एक जान पर भारी
सिर्फ ओवरटेकिंग के मामूली विवाद ने एक निर्दोष व्यक्ति की जान ले ली। यह घटना एक बार फिर सड़क पर बढ़ती आक्रामकता और कानून हाथ में लेने की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button