उत्तराखंड की युवती हरियाणा के पोस्टमैन के साथ भागी, 03 बच्चों की मां ने युवक संग लांघी देहरी
पिथौरागढ़ जिले की हैं घटनाएं, तीन बच्चों की मां को युवक संग पकड़ा, युवती की तलाश जारी

Round The Watch News: उत्तराखंड में दो अलग-अलग प्रेम प्रसंगों के मामले सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है। एक मामले में हरियाणा निवासी एक डाक कर्मी पर स्थानीय युवती को अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है, जबकि दूसरे मामले में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक महिला हरिद्वार के युवक के साथ चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में जानकारी के अनुसार हरियाणा का एक युवक गणाई गंगोली क्षेत्र में डाक विभाग में पोस्टमैन के पद पर तैनात है। उस पर आरोप है कि वह स्थानीय युवती को अपने साथ लेकर चला गया। युवती के परिजनों ने बेरीनाग कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने युवती की तलाश के लिए टीम गठित की। एएसआई अशोक चौधरी के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया, जिसमें संबंधित युवक की लोकेशन हरियाणा क्षेत्र में मिली। पुलिस का कहना है कि युवती की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी दौरान पुलिस ने यह भी पाया कि उक्त युवक को बिना आवश्यक सत्यापन के किराये पर कमरा दिया गया था। इस मामले में मकान मालिक के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई है।
उधर, इसी क्षेत्र से एक और प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हरिद्वार के लालढांग निवासी 26 वर्षीय युवक की फेसबुक के माध्यम से बेरीनाग क्षेत्र की 30 वर्षीय महिला से पहचान हुई थी। दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से बातचीत चल रही थी और यह संबंध धीरे-धीरे प्रेम में बदल गया।
बताया गया कि युवक ने महिला को शादी का प्रस्ताव दिया, जिसे महिला ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद युवक हरिद्वार से ट्रेन के जरिए हल्द्वानी पहुंचा और वहां से किराये पर स्कूटी लेकर बेरीनाग आया। यहां महिला से मुलाकात के बाद दोनों साथ निकल गए।
जब महिला सोमवार शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन थाने पहुंचे और गुमशुदगी की सूचना दी।
पुलिस ने तुरंत महिला के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक फुटेज में महिला एक युवक के साथ स्कूटी पर जाती हुई दिखाई दी। इसके आधार पर कोतवाली प्रभारी हरीश कोंरगा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खोज अभियान शुरू किया।
जांच में पता चला कि दोनों बांसपटान मार्ग से होते हुए बागेश्वर पहुंच गए थे। पुलिस ने बागेश्वर क्षेत्र में दोनों को बरामद कर लिया। बाद में महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि युवक के परिजनों को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई।
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि महिला तीन बच्चों की मां है। उसका कहना है कि महिला ने उसे बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी।



