crimeUttarakhand

चमोली के शुभम ने आभूषण किए चोरी और खरीद ली बाइक, बाकी के गहने देहरादून में बेचने की थी तैयारी

देहरादून भागने से पहले गौचर बैरियर पर दबोचा गया नंदानगर का युवक

Report By Srimohan Naithani: चमोली जनपद के गौचर क्षेत्र में एक घर से लाखों रुपये के जेवर, मोबाइल और स्मार्ट वॉच चोरी करने वाले आरोपी को कर्णप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उस समय दबोचा, जब वह बचे हुए आभूषण बेचने के लिए देहरादून की ओर जा रहा था। इससे पहले वह कुछ गहने बेचकर बाइक खरीद चुका था।

पुलिस के मुताबिक, यह चोरी की वारदात 1 से 4 मार्च 2026 के बीच हुई थी। पीड़ित अर्जुन सिंह, जो ग्राम सिदोली के निवासी हैं और गौचर में किराये पर रहते हैं, उनके कमरे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसा और सोने-चांदी के जेवर, एक रेडमी मोबाइल फोन और बोट कंपनी की स्मार्ट वॉच चोरी कर ले गया। घटना के बाद कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया।

CCTV और सर्विलांस से मिला सुराग
मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस के जरिए चोरी हुए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। इसी आधार पर 1 अप्रैल 2026 को गौचर बैरियर पर चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ लिया गया।

चमोली का रगने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कुमार उर्फ शुभम (24) पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार, निवासी ग्राम कुमजुग, पोस्ट सुंग, थाना नंदानगर (चमोली) के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ।

नशे में बनाया चोरी का प्लान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि होली से पहले वह नशे की हालत में गौचर क्षेत्र में घूम रहा था। इसी दौरान उसने एक मकान पर ताला लटका देखा और मालिक के बाहर होने का अंदाजा लगाकर ताला तोड़कर अंदर घुस गया। वहां से उसने कीमती सामान चोरी कर लिया।

हरिद्वार में बेचे जेवर, खरीदी बाइक
आरोपी ने कबूल किया कि चोरी किए गए कुछ जेवर—सोने का लॉकेट, चांदी के बिछुवे और अंगूठी—उसने हरिद्वार में एक अज्ञात व्यक्ति को करीब 60 हजार रुपये में बेच दिए। इसी रकम से उसने UK-07BL-1750 नंबर की मोटरसाइकिल खरीद ली। बाकी आभूषण बेचने के लिए वह देहरादून जा रहा था।

पुलिस ने किया सामान बरामद
-सोने का मांगटीका
-सोने की नथ
-एक जोड़ी सोने के कुंडल
-सोने की मटरमाला
-सोने की चैन
-एक जोड़ी चांदी की पायल
-रेडमी मोबाइल फोन
-बोट कंपनी की स्मार्ट वॉच
-UK-07BL-1750 नंबर की मोटरसाइकिल

टीम को मिला इनाम
घटना का सफल खुलासा करने पर पुलिस टीम को एसपी चमोली द्वारा 2500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और चोरी के बाकी सामान की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button