Uttarakhandआपदा प्रबंधन

टिहरी में भीषण हादसा, ब्रेक फेल हुए और 100 मीटर खाई में जा गिरा डंपर, 02 की मौत

चढ़ाई पर ब्रेक ने काम करना किया बंद और अनियंत्रित हो गया डंपर

Round The Watch News: नई टिहरी जिले के लंबगांव क्षेत्र में आधी रात के बाद गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर के 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा ग्राम क्यारी के ऊपर चारगांव रोड पर मंदिर के पास हुआ, जहां चढ़ाई के दौरान डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत अध्यक्ष लंबगांव रोशन रांगड़ ने रात करीब 12:05 बजे पुलिस को सूचना दी कि ग्राम क्यारी के पास चारगांव वाली सड़क पर एक क्रेशर का डंपर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत पुलिस टीम और आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि डंपर लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरा हुआ था।

पुलिस जांच में सामने आया कि डंपर संख्या UK09CA-0639 अभिषेक राणा पुत्र जयवीर राणा निवासी ओनालगांव, हाल निवासी लंबगांव का था। वाहन को चालक सूरज राठौड़, निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश, उम्र लगभग 44 वर्ष चला रहा था। उसके साथ गांव का निवासी गजेंद्र सिंह रांगड़ पुत्र स्वर्गीय धन सिंह रांगड़, निवासी ग्राम रौणिया, उम्र लगभग 36 वर्ष भी सवार था।

बताया गया कि डंपर माजफ क्षेत्र से माल खाली कर वापस लौट रहा था। ग्राम क्यारी के ऊपर चारगांव रोड पर मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ते समय वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिसके चलते डंपर नियंत्रण खो बैठा और सीधा 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा।

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल सीएचसी चौंड पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

मृतकों की पहचान सूरज राठौड़, उम्र लगभग 44 वर्ष, निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश और गजेंद्र सिंह रांगड़, उम्र लगभग 36 वर्ष, निवासी ग्राम रौणिया के रूप में की गई।

राहत और बचाव टीम में शामिल अधिकारी
-महिपाल सिंह रावत
-जगजीत सिंह रावत
-आनंद सिंह रावत
-विजय नेगी
-नीरज कुमार
-सुनील बड़थ्वाल
-अमजद खान
-मनेश्वर चौहान
-अंशुल तोमर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button