उत्तराखंड में आईपीएस अधिकारियों के तबादले, इस जिले का कप्तान बदला
श्वेता चौबे को मिली अहम जिम्मेदारी, कुंभ मेला को भी की गई तैनाती

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के चार वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को जनहित एवं रिक्त पदों के सापेक्ष तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार योगेंद्र सिंह रावत, जो वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) के पद पर तैनात थे, उन्हें अब पुलिस महानिरीक्षक, कुंभ मेला बनाया गया है।
इसी तरह आयुष अग्रवाल, जो अभी तक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, टिहरी के पद पर कार्यरत थे, को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं श्वेता चौबे, जो सेनानायक, आईआरबी द्वितीय के पद पर थीं, उन्हें अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, टिहरी बनाया गया है। इसके अलावा विशाखा अशोक भदाणे, जो वर्तमान में पुलिस अधीक्षक, क्राइम अगेंस्ट वूमेन / सीसीटीएनएस / प्रशिक्षण के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें सेनानायक, आईआरबी द्वितीय नियुक्त किया गया है।
शासन ने आदेश में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल कार्यभार ग्रहण कर कार्यभार प्रमाण पत्र की प्रति पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इन तबादलों को आगामी कुंभ मेला व्यवस्थाओं और पुलिस प्रशासनिक फेरबदल के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



