उत्तराखंड में पांच सड़क हादसों में 17 की मौत, 38 घायल, रातभर मची चीख-पुकार
बद्रीनाथ राजमार्ग पर गूलर के पास पुल से गदेरे में गिरी बस में 09 की मौत और 25 घायल

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान हुए पांच सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिले में हुए इन हादसों में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 38 लोग घायल हुए हैं। हादसों में बस, यूटिलिटी कैंपर, स्कूटी, ट्रक और बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए। सबसे भीषण हादसा बदरीनाथ हाईवे पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास हुआ, जहां हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस पुल की रेलिंग तोड़कर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में नौ यात्रियों की मौत हुई, जबकि 25 लोग घायल हुए। इनमें दो घायलों ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रशासन की ओर से जारी पिछले 24 घंटे की दुर्घटना रिपोर्ट के अनुसार, दूसरा हादसा 16 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे टिहरी जिले की तहसील पावकी देवी के अंतर्गत बांसकाटल के पास हुआ। यहां यूटिलिटी कैंपर वाहन संख्या UK14TA0606 अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में आठ लोग सवार थे। हादसे में वीर सिंह (50) निवासी बांसकाटल की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
तीसरी दुर्घटना 16 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में हुई। यहां स्कूटी संख्या UK14M6385 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आशीष (25) पुत्र हुकम सिंह, निवासी ग्राम मिनाकोट पट्टी दोगी और प्रेम सिंह (32) पुत्र मोती सिंह, निवासी ग्राम नाई पट्टी दोगी, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है।
चौथा हादसा 16 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे टिहरी जिले की तहसील बालगंगा (घनसाली) के अंतर्गत चमियाला-बूढ़ाकेदार मोटर मार्ग पर भटेडी बैंड के समीप हुआ। यहां एक स्कूटी और ट्रक संख्या UK08CA1774 की आपस में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार सुरेंद्र सिंह (35) पुत्र गब्बर सिंह, निवासी ग्राम मेर मरवाड़ी, तहसील बालगंगा की मौत हो गई।
पांचवीं दुर्घटना रुद्रप्रयाग जिले में 16 नवंबर की रात करीब 9:15 बजे हुई। तहसील ऊखीमठ के अंतर्गत कुंडारा मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप एक बोलेरो वाहन संख्या UK13TA1013 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हुए। मृतकों में कुंवर सिंह (60) पुत्र बचन सिंह, मदन सिंह (40) पुत्र मोहन सिंह, सूरज सिंह (42) पुत्र भीम सिंह और बलवीर सिंह (70) पुत्र बिहारी सिंह शामिल हैं। ये सभी ऊखीमठ क्षेत्र के रांसी, दैड़ा और गेड (बरसी) गांव के निवासी थे।
हादसे में घायल उम्मेद सिंह राणा (52), राजेंद्र सिंह (56), लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा देवी (34) को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया। इनमें लविश राणा, वंशिका, उर्मिला देवी और पूजा देवी को हायर सेंटर रेफर किया गया।
बस हादसे में मृतकों और घायलों की पूरी सूची
मुनिकीरेती के गूलर में हुए बस हादसे में मृतकों की सूची में नौ नाम शामिल हैं।
* राजेंद्र सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग (चालक)।
* अनुज भंडारी, उम्र 27 वर्ष, निवासी बडेल (बवाणी), शिवपुरी, टिहरी गढ़वाल (परिचालक)।
* पुन्नू, उम्र 55 वर्ष, निवासी मैखण्डी पट्टी, वाजूला, टिहरी गढ़वाल।
* सुशील प्रताप सिलौड़ी, उम्र 55 वर्ष, निवासी गोपेश्वर, चमोली।
* रोहित कश्यप, उम्र 35 वर्ष, निवासी चंदौसी संभल, उत्तर प्रदेश।
* विक्की, उम्र 37 वर्ष, निवासी पावर हाउस, चंदौसी संभल, उत्तर प्रदेश।
* राजराय, निवासी पश्चिम बाजार, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल।
* दीपक गुप्ता, उम्र 55 वर्ष, निवासी मध्य प्रदेश।
* विकास गुप्ता, निवासी मध्य प्रदेश।
हादसे में घायल 25 यात्रियों में मो. वहाब अंसारी (22), निवासी छैलापाता, दुमका, झारखंड; प्रत्यूष (23), निवासी बुड़ाकोश, खटीमा; अभिषेक (28), निवासी मोहम्मदनाथा, जसपुर; संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार; राहुल कुमार (24), निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना; बुधन मुर्मू (50), निवासी डोड़िया, दुमका; राजकुमार (32), निवासी ऊपर मझियारा, दुमका; नूरजहां (26) और उनकी तीन वर्षीय पुत्री आयरा, निवासी गुवाहाटी, असम शामिल हैं।
अन्य घायलों में पंकज नेगी (31), निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग; जतिन (21), निवासी डीईआर क्वार्टर, शाहदरा, दिल्ली; विरेंद्र सिंह (58), निवासी हैरन, कर्णप्रयाग; खुशी भट्ट (19), निवासी मजीर कांडा, पिथौरागढ़; सागर सिंह अनिल दुबे (21), निवासी प्रतापगढ़, बाबागंज, उत्तर प्रदेश; मुन्ना सिंह (28), निवासी ऊपर मझियारा, दुमका; अर्जुन सोरेन (34), निवासी ग्राम सीलीबुना, दुमका; परेश मराठी, निवासी ग्राम करड़ी, बुडकुंडा, दुमका; आर्यन गुप्ता, निवासी सेंडोल, सुहागपुर, मध्य प्रदेश; रमेश चंद्र, निवासी कोलकाता; रामा प्रसाद घोष (62), निवासी कोलकाता; पंकज कांडपाल (42), निवासी ब्लॉक कार्यालय, हल्द्वानी; आसापंथ (64), निवासी ब्लॉक कार्यालय, हल्द्वानी; अंजू (32), निवासी छड़ैल चौराहा, हल्द्वानी; दर्शन सिंह (46), निवासी हल्द्वानी और नवीन (31), निवासी हल्द्वानी शामिल हैं।
प्रशासनिक रिपोर्ट में बस हादसे के घायलों की सूची में नवीन पुत्र कैलाश (31), निवासी हल्द्वानी का नाम भी दर्ज है। सभी 25 घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। इनमें से दो की उपचार के दौरान मौत हो गई।
बांसकाटल हादसे में घायल सात लोग
यूटिलिटी कैंपर दुर्घटना में घायल रोबिन सिंह (32), पुत्र राजेंद्र सिंह; सूरत सिंह (68), पुत्र सुंदर सिंह, निवासी भैरगढ़; किशन सिंह (50), पुत्र इंद्र सिंह; राकेश सिंह (30), पुत्र किशन सिंह; भरत सिंह (43), पुत्र प्रेम सिंह; आयुष सिंह (23), पुत्र भगवान सिंह और राहुल सिंह (24), पुत्र सोबन सिंह शामिल हैं। ये सभी टिहरी गढ़वाल के बांसकाटल क्षेत्र के निवासी हैं। सभी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ऋषिकेश में भर्ती कराया गया।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
बस दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी टिहरी, पुलिस अधीक्षक टिहरी, उप जिलाधिकारी, मुनिकीरेती पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमों ने मौके पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया। वहीं, रुद्रप्रयाग के हादसों में पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि संबंधित जनपदों से विस्तृत जानकारी मिलने पर आगे की सूचना जारी की जाएगी।
पांचों दुर्घटनाओं में कुल 17 लोगों की जान जाने और 38 लोगों के घायल होने से पर्वतीय सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और वाहन संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर रात के समय पहाड़ी मार्गों पर हो रही दुर्घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं।



