crimeUttarakhand

तस्कर युवती लाई हरियाणा से 45 पेटी शराब, साथी युवक के साथ गिरफ्तार

हरिद्वार में आबकारी टीम ने किया आरोपी युवक-युवती को गिरफ्तार, कार सीज

Rajkumar Dhiman, Dehradun: आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से लाई जा रही अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी है। विभाग की टीम ने देर रात चमगादड़ टापू क्षेत्र में छापेमारी कर एक कार से 45 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से एक युवती सहित 02 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हरिद्वार के जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि हरियाणा से एक कार के माध्यम से अवैध रूप से शराब की खेप हरिद्वार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर हाईवे और आसपास के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई।

देर रात टीम ने चमगादड़ टापू के पास एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से हरियाणा ब्रांड की 45 पेटी अंग्रेजी शराब, जिसमें रॉयल स्टैग ब्रांड की बोतलें शामिल थीं, बरामद हुईं। कार में मौजूद दो लोगों को मौके पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान अक्षय, निवासी ग्राम सेहरी, थाना खरखोदा, जिला सोनीपत, हरियाणा तथा कृतिका, निवासी बी-ब्लॉक, प्रहलादपुर, दिल्ली के रूप में बताई।

आबकारी विभाग ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह शराब किसने मंगाई थी और इसे हरिद्वार या आसपास के किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। इस संबंध में आरोपितों से गहन पूछताछ जारी है। विभाग सप्लाई नेटवर्क और संभावित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह आदि शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button