crimeDehradunआपदा प्रबंधन

वीडियो: सहस्रधारा में मौत की तरफ ले गई पार्टी, पैर फिसलने पर 250 मीटर खाई में जा गिरा युवक

हादसे का शिकार हुए युवक के दोस्तों से पूछताछ कर रही पुलिस, घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही

Round The Watch News, Dehradun: देहरादून में दर्दनाक हादसे में एक युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है, जब युवक अपने दोस्तों के साथ सहस्रधारा क्षेत्र की पहाड़ियों में पार्टी मनाने गया था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपने 2-3 दोस्तों के साथ पार्टी के लिए पहाड़ी पर मौजूद था। देर रात तक सभी दोस्त वहां समय बिता रहे थे। इसी दौरान अचानक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन अंधेरा और खाई की गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही पुलिस और State Disaster Response Force (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को गहरी खाई से बाहर निकाला। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी चेतन चंद्र बहादुर के रूप में की गई है। राजपुर थाना पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। जिन दोस्तों के साथ युवक गया था, उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय हालात कैसे बने और युवक खाई के इतने करीब कैसे पहुंचा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पहाड़ी और पर्यटन स्थलों पर देर रात सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। अंधेरे में खाई या ढलान का सही अंदाजा न लग पाने से इस तरह के हादसे हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button