
Rajkumar Dhiman, Dehradun: तीर्थनगरी ऋषिकेश से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर एक महिला के साथ लंबे समय तक कथित रूप से शोषण किए जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में 03 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और एक आरोपी कुशाग्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य (मंजीत जौहर, मानव जौहर) की तलाश जारी है।
पीड़िता का आरोप है कि साल 2021 में आरोपियों ने पहले उससे नजदीकी बढ़ाई और विश्वास जीतकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद आपत्तिजनक तस्वीरों और धमकियों के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा। महिला का कहना है कि उसे कई बार अलग-अलग होटलों और फार्महाउसों में ले जाया गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कई मौकों पर उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया जाता था और उसी स्थिति में उसके साथ गलत हरकतें की जाती थीं। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जाती थीं, जिससे वह लंबे समय तक चुप रहने को मजबूर रही।
पारिवारिक मजबूरी का उठाया गया फायदा
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसके पिता की गंभीर बीमारी और परिवार की कमजोर स्थिति का फायदा उठाया। इसी कारण वह मानसिक दबाव में रही और समय रहते शिकायत दर्ज नहीं कर सकी। मामले में महिला ने अपने पति पर भी संलिप्तता के आरोप लगाए हैं, जिस पर पुलिस अलग से जांच कर रही है।
सुनियोजित तरीके से चल रहा था शोषण
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह कोई एक-दो घटनाओं का मामला नहीं, बल्कि लंबे समय से सुनियोजित तरीके से चल रहा शोषण का मामला हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।
पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 342 (गैरकानूनी बंधक बनाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज किया है। मुख्य आरोपी कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।



