
Round The Watch Dehradun: “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस की सख्ती अब ज़मीन पर साफ नजर आने लगी है। विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए न सिर्फ सेंटर बंद कराया, बल्कि संचालक के खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कस दिया।
कोतवाली विकासनगर पुलिस की ओर से रविवार को बाजार क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान एक स्पा सेंटर में बाहरी राज्यों से आई 07 महिलाएं बिना किसी पुलिस सत्यापन के काम करती हुई पाई गईं, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी महिलाओं को धारा 172 BNSS के तहत हिरासत में लेकर कोतवाली लाया, जहां पूछताछ के बाद उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 में चालान किया गया।
वहीं, स्पा सेंटर संचालक की बड़ी लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ धारा 83 पुलिस अधिनियम में कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
एसएसपी के सख्त निर्देश, हर व्यक्ति का सत्यापन अनिवार्य
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूरे जनपद में होटल, ढाबा, स्पा सेंटर, अपार्टमेंट और फड़-फेरी वालों का बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का साफ कहना है कि बिना सत्यापन किसी को भी काम पर रखना अब भारी पड़ सकता है।



