टिहरी में रोडवेज बस और कार में आमने-सामने की टक्कर, कार के उड़े परखच्चे
चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर हुआ हादसा, 05 घायल, घनसाली से ऋषिकेश की तरफ आ रही थी बस

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: टिहरी जिले के चंबा-कोटी मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बस और कार की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। यह दुर्घटना जाख-बागबाटा के पास नैल क्षेत्र में हुई, जिसमें कार सवार 05 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर चंबा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घायल लोगों में कार चालक गुलनासीद, उनकी पत्नी दानिश और अन्य तीन यात्री साक्षी, खुशबू और अर्पित शामिल हैं। बताया गया कि ये सभी देहरादून से कोटी कॉलोनी घूमने आए थे और तीन यात्रियों ने चंबा से जाख जाने के लिए कार में लिफ्ट ली थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्विफ्ट डिजायर कार चंबा से कोटी की ओर जा रही थी, जबकि उत्तराखंड परिवहन निगम की बस घनसाली से ऋषिकेश की तरफ आ रही थी। जाख-बागबाटा के पास नैल में दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई। पुलिस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुरुआती कारण कार की तेज रफ्तार और गलत दिशा में चलना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।



