
Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के राजपुर रोड स्थित श्री चैतन्य एकेडमी एक बड़े विवाद में घिर गई है। रविवार को बड़ी संख्या में अभिभावक सेंटर पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराज़गी जताई। उनका आरोप है कि हाल ही में शुरू हुए बैच के बाद अब अचानक सेंटर बंद करने की तैयारी की जा रही है, जिससे बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। इस मामले में अभिभावकों ने एकेडमी के सीईओ उज्ज्वल, वीपी नवीन जोशी और रीजनल हेड विक्रम कुमार के खिलाफ साइबर थाने में तहरीर दी है।
अभिभावकों के मुताबिक, संस्थान जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग देता है। करीब 80 छात्रों से प्रति छात्र लगभग एक लाख रुपये के हिसाब से एडवांस फीस ली गई थी। लेकिन क्लास शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद स्टाफ हटाया जाने लगा और पढ़ाई बाधित होने लगी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम से गुस्साए अभिभावक सेंटर पहुंचे और जवाब मांगते हुए विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह का फैसला बच्चों के करियर के साथ खिलवाड़ है। कई अभिभावकों ने इसे सीधा-सीधा धोखाधड़ी और लापरवाही का मामला बताया।
अभिभावकों ने बताया कि उन्होंने सेंटर संचालक, नॉर्थ रीजनल हेड और ऑपरेशन हेड से बातचीत की है। प्रबंधन की ओर से सोमवार को बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि अभिभावकों का साफ कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए।
मौके पर मौजूद अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि फीस वापस नहीं की गई और संतोषजनक समाधान नहीं मिला तो वे कानूनी रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे। इस बीच सेंटर प्रबंधन ने इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है।
फिलहाल हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और अब सभी की नजर सोमवार को होने वाली बैठक पर टिकी है, जहां इस विवाद का समाधान निकलने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि कहीं कोई ऊंच-नीच होती है तो बड़ा स्कैम भी सामने आ सकता है।



