crimeDehradun

पेंशन के लिए उम्र ही बढ़ा दी, 17 ग्रामीणों पर मुकदमा

देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में सामने आया आधार कार्ड में उम्र बढ़ाने का फर्जीवाड़ा

Rajumar Dhiman, Dehradun: आज के दौर में हर कोई दीर्घायु की कामना करता है। उम्र की बढ़ती रफ्तार को कम करने के जतन किए जाते हैं। लेकिन, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कई लोगों ने वृद्धावस्था पेंशन पाने के लिए समय से पहले उम्र बढ़ाकर बुढापे का चोगा ओढ़ लिया। यह चौंकाने वाला मामला सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के खुशहालपुर गांव में सामने आया, जहां 17 लोगों ने आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर वृद्धावस्था पेंशन हासिल कर ली। जांच में गड़बड़ी सामने आते ही सभी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब समाज कल्याण विभाग उत्तराखंड को शिकायत मिली। शिकायत असलम अली, निवासी खुशहालपुर ने दी थी। इसके बाद उच्च स्तर से जांच के आदेश जारी किए गए। सहायक समाज कल्याण अधिकारी सहसपुर संदीप सिंह की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, निदेशक समाज कल्याण, हल्द्वानी के निर्देश पर अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून और सहायक समाज कल्याण अधिकारी सहसपुर ने संयुक्त जांच की।

जांच में सामने आया कि खुशहालपुर के कुछ लोगों ने आधार कार्ड में अपनी वास्तविक उम्र से अधिक आयु दर्ज कराकर वृद्धावस्था पेंशन का लाभ लिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड पुलिस ने सहसपुर कोतवाली में 17 ग्रामीणों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई मुस्तफा, साबरी पत्नी शमशाद, जमील, नूरजहां पत्नी गुलजार, असलम, हुस्न बानो पत्नी इनाम, अनीस, परवीन पत्नी अनीस, खातून पत्नी नूर हसन, राशिदा पत्नी मुस्तकीम, नूर हसन, नूर जहां पत्नी मासूम, शाहिना पत्नी मकसूद, वरीश पत्नी अफजाल, इकरार कुरैशी, नसरीन पत्नी असलम, शाहजहां पत्नी असलम (सभी निवासी खुशहालपुर) के विरुद्ध की गई।

यह मामला न सिर्फ सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि अब ऐसे मामलों पर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। संभव है कि बाकी जगह भी ऐसा किया जा रहा हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button