crimeUttarakhand

वीडियो: ग्रामीणों ने चोर पकड़ा और पेड़ से बांध डाला, पिटाई कर दे डाली खुद सजा

हरिद्वार में पेड़ से बांधकर आरोपी युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, सुनहेटी गांव की घटना से मचा हड़कंप

Rajkumar Dhiman, Dehradun: रुड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के सुनहेटी गांव से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को कथित तौर पर पेड़ से बांधकर पीटा गया। आरोप है कि उसे चोरी करते हुए पकड़ा था। इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक को पेड़ से बांधकर कुछ लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह दावा किया जा रहा है कि युवक पर सरसों की बोरी चोरी करने का शक था, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और खुद ही सजा देने लगे। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।

मामले के सामने आने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियां और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि युवक के साथ मारपीट किन परिस्थितियों में हुई और क्या वास्तव में चोरी की घटना हुई थी या नहीं।

प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। यदि किसी पर अपराध का संदेह भी हो, तो उसे कानून के दायरे में लाकर कार्रवाई की जानी चाहिए, न कि इस तरह की हिंसा की जाए।

यह घटना एक बार फिर भीड़तंत्र और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। वायरल वीडियो के आधार पर जल्द ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और संबंधित तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button