उम्र में 12 साल छोटी पत्नी से नहीं मिलते थे विचार, आए दिन झगड़ा और अब कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
पिथौरागढ़ में सामने आई दिल दहला देने वाली घटना, शादी समारोह में शुरू हुआ झगड़ा मौत पर खत्म

Round The Watch News: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुरुवार सुबह एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। यह वारदात अस्कोट थाना क्षेत्र के नेपाल सीमा से सटे द्वालीसेरा गांव में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात गांव में एक शादी समारोह आयोजित था, जिसमें भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ शामिल हुए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सुबह आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का पता तब चला जब परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां महिला का शव खून से लथपथ पड़ा देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतका के चार बच्चे हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। इस दर्दनाक घटना के बाद जहां एक ओर गांव में दहशत का माहौल है, वहीं गांव की शादी की खुशियां भी मातम में बदल गई हैं।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी में न सिर्फ उम्र का लंबा फासला था, बल्कि दोनों में वैचारिक टकराव भी होता रहता था। बीती रात भी गांव में विवाह समारोह में पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर इतना विवाद हुआ कि आज सुबह उसने हत्या का रूप ले लिया।



