किशोरी से गैंगरेप में भाजपा से जुड़े नेता, पूर्व प्रधान और अग्निवीर युवक का नाम आया सामने
पुलिस ने नामजद मुकदमे के बाद गिरफ्तारी को गठित की टीम

Round The Watch News: उत्तराखंड के चंपावत जिले में 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में एक भाजपा से जुड़े नेता, पूर्व प्रधान और एक अग्निवीर का नाम सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।
शादी में ले जाने के बाद वारदात का आरोप
पीड़िता के पिता के अनुसार, एक आरोपी उनकी बेटी को घर से यह कहकर ले गया कि पास के गांव में शादी है। आरोप है कि इसके बाद उसे एक कमरे में ले जाकर चाकू की नोक पर धमकाया गया और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
कमरे में बंधी मिली किशोरी
घटना की जानकारी तब सामने आई जब देर रात तक बेटी के घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए। पिता ने बताया 5 मई 2026 की शाम से बेटी लापता थी। रात 1:28 बजे लड़की के नंबर से कॉल आया, जो कुछ सेकंड में कट गया और इसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया
स्थानीय लोगों और पुलिस ने पूरी रात तलाश की। सुबह करीब 4 बजे किशोरी एक कमरे में मिली, जहां उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। पिता के अनुसार, बच्ची ने बताया कि आरोपियों ने चाकू गले पर रखकर उसे धमकाया और विरोध करने पर जबरदस्ती की।
पीड़िता की पारिवारिक स्थिति कमजोर
तहरीर में पिता ने बताया कि वे बीमार हैं और इलाज के लिए बेटी उन्हें गांव से चंपावत लाई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किशोरी आइसक्रीम बेचकर घर के खर्च में मदद करती थी।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, सल्ली गांव निवासी तीन लोगों—विनोद रावत, नवीन सिंह और पूर्व प्रधान व पूर्व भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पूरन रावत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और जांच एक महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है
कोतवाली में हंगामा, बढ़ा दबाव
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। इसी बीच, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मामले में हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी के पिता ने साजिश बताया
मामले में नामजद अग्निवीर जवान के पिता राम सिंह ने एक वीडियो जारी करपूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने बेटे को निर्दोष बताया और कहा कि यदि बेटा दोषी साबित होता है तो उसे फांसी की सजा दी जाए
उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले से उनके परिवार की सामाजिक छवि प्रभावित हुई है और निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आएगी।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और पूरे मामले की जांच जारी है। मामला संवेदनशील है, अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।



