पौड़ी में चल रही थी लड़की के बाल विवाह की तैयारी, प्रशासन ने शिकंजा कस बचाई जिंदगी
चाइल्ड हेल्पलाइन को मिली सूचना पर तत्परता से उठाए गए कदम
Amit Bhatt, Uttarakhand: जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पोखड़ा क्षेत्र में बाल विवाह कराने की कोशिश को प्रशासन ने समय रहते विफल कर दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से एक नाबालिग बालिका को रेस्क्यू कर उसका प्रस्तावित विवाह रुकवा दिया गया।
जिला परिवीक्षा अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि नौ मई 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को क्षेत्र में बाल विवाह कराए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मामला जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति के संज्ञान में लाया गया। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्रा बिडालिया के निर्देश पर पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई।
सत्यापन के दौरान टीम ने पाया कि एक नाबालिग बालिका का विवाह कराया जाने वाला था। इस पर अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए बाल विवाह रुकवा दिया। कार्रवाई के बाद बालिका को संरक्षण और देखरेख के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। फिलहाल उसे सुरक्षित पुनर्वास केंद्र में रखा गया है, जहां काउंसलिंग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अरविंद कुमार ने बताया कि हाल ही में जनपद में बाल विवाह रोकथाम को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया था। जागरूक नागरिकों द्वारा समय पर सूचना दिए जाने के कारण यह कार्रवाई संभव हो सकी और एक बालिका का भविष्य सुरक्षित किया जा सका।
उन्होंने आमजन से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह जैसी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी कुप्रथाओं पर रोक लगाई जा सके।



