नाबालिग कमर दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची, पांच माह की मिली गर्भवती, मुकदमा दर्ज
पीड़िता की बहन ने दर्ज कराया मुदकमा, पुलिस ने आरोपी की तलाश की शुरू

Round The Watch News: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कांडा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी अशोक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय किशोरी को पेट और कमर में दर्द की शिकायत होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान किशोरी के लगभग पांच माह की गर्भावस्था की पुष्टि हुई। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की बहन ने कांडा थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि अशोक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पोक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज ने बताया कि मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। वहीं सीओ मनीष शर्मा ने कहा कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



