crimeDehradun

रेप मामले में मंजीत जौहर और मानव को एसआईटी की क्लीनचिट, मामला संदिग्ध नहीं तो महिला पर मुकदमा तय

पांच सदस्यीय एसआईटी ने महिला के बयान दर्ज करने के बाद नहीं पाए आरोपों के मुताबिक साक्ष्य

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के बड़े प्रॉपर्टी डीलरों में शामिल और होटल कारोबारी मंजीत जौहर, उनके पुत्र मानव जौहर को रेप केस में एसआईटी जांच में बड़ी राहत मिली है। पांच सदस्यीय टीम ने पिता-पुत्र को क्लीनचिट दे दी है। बताया जा रहा है कि दोनों के विरुद्ध कोई साक्ष्य नहीं पाए गए। यदि मामले में कोई झोल नहीं है तो दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला के विरुद्ध झूठे आरोपों को लेकर जल्द मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।

अप्रैल के प्रथम सप्ताह में यह प्रकरण खासी चर्चा के केंद्र में रहा था। ऋषिकेश की एक महिला ने मंजीत जौहर, उनके पुत्र मानव जौहर और दोनों के पार्टनर कुशाग्र शर्मा पर लंबे समय से रेप का आरोप लगाया था। कथित पीड़ित महिला का पति आरोपियों के साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़ा रहा था और यहीं से महिला भी उनके संपर्क में आई थी। प्रकरण में पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कुशाग्र को गिरफ्तार कर लिया था।

पिता-पुत्र तब फरार बताए गए थे और महिला की मांग पर एसआईटी जांच गठित की गई थी। पुलिस ने महिला के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की। जिसके क्रम में मंजीत और मानव को क्लीनचिट दे दी गई। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी यह प्रकरण उठा था और तब एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी थी।

अब न सिर्फ एफआईआर की गई, बल्कि एसआईटी जांच कर आरोपों को निराधार पाया गया। माना जा रहा है कि यदि जांच-पड़ताल दुरुस्त है तो जल्द महिला पर शिकंजा कसा जा सकता है। क्योंकि, बेवजह प्रॉपर्टी डीलर पिता-पुत्र कैसे चुप बैठ सकते हैं। जब उन्हें बेवजह फंसाने की बात सामने आ रही है।

पिता-पुत्र पर एफआईआर में यह लगे थे आरोप और महिला ने बयानों में यह दिया था पुलिस को ब्यौरा
ऋषिकेश में जिस महिला ने प्रॉपर्टी डीलर पिता-पुत्र (मंजीत जौहर और मानव जौहर) पर रेप के गंभीर आरोप लगाए, उसने पुलिस को इस पूरी घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया था। जिसमें कहा गया है कि कैसे उसके आर्थिक रूप से कमजोर पति को दबाव में लिया और फिर उसके साथ रेप किया जाता रहा। तब पुलिस ने इस मामले में मंजीत जौहर, उसके बेटे मानव जौहर और मानव के पार्टनर कुशाग्र शर्मा के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था। वहीं, एक आरोपी कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि प्रॉपर्टी डीलर मंजीत जौहर और उसका बेटा मानव जौहर तब फरार बताए गए थे।

2016 में शादी और 2022 में रेप
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी साल 2016 में हुई थी। कुछ वर्षों बाद उसके पति ने प्रॉपर्टी डीलर मनजीत जौहर और उसके बेटे मानव जौहर के साथ काम करना शुरू किया। उसी दौरान आरोपियों का घर में आना-जाना बढ़ा और परिवार उनके प्रभाव में आ गया। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए जनवरी 2022 में मंजीत जौहर ने घर में अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी। पारिवारिक परिस्थितियों और पिता की खराब सेहत के चलते वह उस समय चुप रही।

फिर पेंट हाउस में बेटे ने किया रेप
मामला यहीं नहीं रुका। महिला का कहना है कि 10 फरवरी 2023 को उसका पति उसे दोस्तों से मिलवाने के बहाने एक पेंटहाउस में ले गया, जहां मानव जौहर पहले से मौजूद था। वहां उसे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होश में आने के बाद उसे इस घटना का अंदाजा हुआ और अगले दिन आरोपी की ओर से उसके मोबाइल पर ‘थैंक्स’ का मैसेज भी भेजा गया।

कुशाग्र ने बेहोशी में खींची तस्वीरें, बार-बार जबरदस्ती
इसके बाद मामले में तीसरे आरोपी कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी की भूमिका सामने आई। पीड़िता का आरोप है कि उसने बेहोशी की हालत में ली गई उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया गया और फिर ऋषिकेश और देहरादून के अलग-अलग होटलों व फार्महाउसों में ले जाकर बार-बार दुष्कर्म किया गया।

महिला के आरोप थे कि इस दौरान आरोपियों ने उसके पिता, बहनों और उसकी छोटी बेटी को जान से मारने की धमकियां भी दीं। लगातार मानसिक दबाव और शोषण के चलते वह डिप्रेशन में चली गई। आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर अपनी बहन को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जिसके तहत एफआईआर की गई और एसआईटी का गठन भी किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button